तहसील माखननगर के 10 गांवों में स्वामित्व योजना से 2700 से अधिक परिवारों को मिलेगा डिजिटल संपत्ति अधिकार
स्वामित्व योजना के तहत तहसील माखननगर में आबादी भूमि के अधिकार अभिलेख निर्माण का कार्य तेज़ी से अंतिम चरण में पहुंच गया है। कलेक्टर एवं जिला सर्वेक्षण अधिकारी, नर्मदापुरम के सतत मार्गदर्शन में विगत एक माह के दौरान 10 ग्रामों के अभिलेख निर्माण में उल्लेखनीय प्रगति हुई है।
तहसीलदार एवं सहायक सर्वेक्षण अधिकारी श्री महेंद्र चौहान ने जानकारी देते हुए बताया कि बीकोर, आंखमऊ, शिवपुर, बछवाड़ा, पाटनी, पावरखेड़ा, खारदा, मोहासा, चौराहेट और खरगावली इन 10 ग्रामों की आबादी भूमि के अधिकार अभिलेख का द्वितीय प्रकाशन कर दिया गया है। अभिलेख निर्माण का कार्य अब अंतिम चरण में है। इसके पूर्ण होते ही इन गांवों के 2700 से अधिक हितग्राहियों को डिजिटल अधिकार अभिलेख यानी प्रॉपर्टी कार्ड सौंपे जाएंगे। श्री चौहान ने बताया कि तहसील माखननगर में कुल 89 ग्रामों में स्वामित्व योजना के तहत अंतिम अधिकार अभिलेख का कार्य पहले ही पूरा किया जा चुका है। शेष बचे ग्रामों में भी कार्य प्रगति पर है।
योजना का उद्देश्य ग्रामीण परिवारों को आत्मनिर्भर और आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है। इसके तहत ड्रोन तकनीक से गांवों की आवासीय भूमि की मैपिंग कर स्पष्ट भूमि रिकॉर्ड तैयार किए जा रहे हैं। इससे संपत्ति मालिकों को कानूनी स्वामित्व कार्ड मिलेगा। स्पष्ट रिकॉर्ड से भूमि संबंधी विवाद कम होंगे। ग्रामीण अपनी संपत्ति को वित्तीय परिसंपत्ति के रूप में उपयोग कर बैंकों से लोन ले सकेंगे। सटीक रिकॉर्ड से ग्राम पंचायतें संपत्ति कर की सही गणना कर सकेंगी, जिससे गांवों के विकास कार्यों को गति मिलेगी।
तहसीलदार श्री महेंद्र चौहान ने बताया कि अधिकार अभिलेखों का निर्माण कार्य सतत जारी है। स्वामित्व अधिकार अभिलेख बनने से ग्रामीणों में खुशी का माहौल है। हितग्राहियों ने इसके लिए कलेक्टर का आभार व्यक्त किया है
#narmadapuram CM Madhya Pradesh Dr Mohan Yadav Jansampark Madhya Pradesh Department Of Revenue, Madhya Pradesh General Administration Department, MP Department of Agriculture, Madhya Pradesh