होटल एवं रेस्टोरेंटों पर खाद्य सुरक्षा विभाग की सख्त कार्रवाई
पनीर, बेसन, मैदा सहित पांच खाद्य पदार्थों के नमूने जांच हेतु भेजे गए, अनियमितताओं पर नोटिस जारी
कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा के निर्देशानुसार जिले में सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा प्रशासन द्वारा खाद्य प्रतिष्ठानों की नियमित जांच की जा रही है। इसी क्रम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्री कमलेश एस. दियावार ने नर्मदापुरम शहर के होटल एवं रेस्टोरेंटों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान होटल वाटिका पैलेस से संदेह के आधार पर पनीर, मूंगफली दाना एवं बेसन के नमूने लिए गए। वहीं ओशीन रेस्टोरेंट का निरीक्षण कर वहां से पनीर एवं मैदा के नमूने जांच के लिए संग्रहित किए गए।
जांच के दौरान संबंधित प्रतिष्ठानों में लाइसेंस की शर्तों के उल्लंघन एवं अन्य अनियमितताएं पाए जाने पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम की धारा-32 के अंतर्गत नोटिस जारी किए गए। सभी खाद्य नमूनों को परीक्षण हेतु राज्य खाद्य प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। प्रयोगशाला से प्राप्त जांच रिपोर्ट के आधार पर संबंधित प्रतिष्ठानों के विरुद्ध नियमानुसार अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने बताया कि आमजन को शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिलेभर में खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच एवं सैंपलिंग की कार्रवाई नियमित रूप से की जा रही है। खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों के विरुद्ध इसी प्रकार नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
#narmadapuram CM Madhya Pradesh Dr Mohan Yadav
Jansampark Madhya Pradesh Department of Food, Civil Supplies & Protection - Madhya Pradesh