#बालाघाट
कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में दिलाई गई नशा मुक्ति की शपथ
महिलाओं एवं आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं ने दिया नशामुक्त समाज निर्माण का संदेश
महिला एवं बाल विकास विभाग तथा पुलिस विभाग के संयुक्त तत्वावधान में राज्यव्यापी जन-जागरूकता अभियान "नशे से दूरी है जरूरी 2.0" के अंतर्गत शनिवार 25 जुलाई को कलेक्ट्रेट कार्यालय के प्रथम तल स्थित सभाकक्ष में नशा मुक्ति जागरूकता एवं शपथ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम कलेक्टर श्री मृणाल मीणा के मार्गदर्शन में आयोजित हुआ, जिसमें महिलाओं एवं आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं ने नशामुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती भारती ठाकुर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। इस अवसर पर उप पुलिस अधीक्षक श्रीमती प्रतिष्ठा राठौर, महिला एवं बाल विकास विभाग के सहायक संचालक श्री प्रशांत दीप सिंह ठाकुर, वन स्टॉप सेंटर की प्रशासक श्रीमती रचना चौधरी, परियोजना अधिकारी श्री शैलेन्द्र चौकसे, श्रीमती अनुपमा मेरावी सहित विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं, शौर्य दल एवं नगर सुरक्षा समिति के सदस्यों ने सहभागिता की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि नशा केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को ही प्रभावित नहीं करता, बल्कि इसका दुष्प्रभाव पूरे परिवार और समाज पर पड़ता है। नशीले पदार्थों के सेवन से कैंसर, हृदय रोग, यकृत एवं फेफड़ों की गंभीर बीमारियों के साथ मानसिक तनाव, अवसाद और कार्यक्षमता में कमी जैसी समस्याएं उत्पन्न होती हैं। वहीं घरेलू हिंसा, पारिवारिक कलह, बच्चों की उपेक्षा, रिश्तों में तनाव और सामाजिक असुरक्षा जैसी स्थितियां भी नशे के कारण पैदा होती हैं। आर्थिक रूप से भी नशे की लत परिवार की आय का बड़ा हिस्सा नष्ट कर देती है, जिससे कर्ज, गरीबी, बेरोजगारी तथा बच्चों की शिक्षा और भविष्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है।
कार्यक्रम में उपस्थित महिलाओं एवं आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं ने अपने विचार साझा करते हुए कहा कि समाज में महिलाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। यदि प्रत्येक महिला अपने परिवार एवं आसपास के लोगों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करे तथा युवाओं को सकारात्मक गतिविधियों से जोड़े, तो नशामुक्त समाज का लक्ष्य शीघ्र प्राप्त किया जा सकता है।
इस अवसर पर सभी प्रतिभागियों ने संकल्प लिया कि वे अपने-अपने ग्राम एवं वार्ड स्तर पर नशा मुक्ति का संदेश पहुंचाएंगे, परिवारों से संवाद स्थापित कर युवाओं को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करेंगे तथा समुदाय की सक्रिय भागीदारी से नशामुक्त वातावरण के निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
कार्यक्रम के समापन पर सभी अधिकारियों, कर्मचारियों, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं, शौर्य दल एवं नगर सुरक्षा समिति के सदस्यों को नशा मुक्ति की शपथ दिलाई गई। सभी ने स्वयं किसी भी प्रकार के नशे से दूर रहने तथा समाज को नशामुक्त बनाने के लिए निरंतर जन-जागरूकता अभियान चलाकर अधिक से अधिक लोगों को इस अभियान से जोड़ने का संकल्प लिया।
#CMMadhyaPradesh
#JansamparkMP #mp_wcdmp
#nashesedoorihaizaroori_2
Balaghat, Madhya Pradesh | Jul 25, 2026