बच्चों ने ‘स्वच्छता का तीर’ चलाकर किया गंदगी रूपी रावण का वध
दशहरे पर विद्यार्थियों ने स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
यमुनानगर। दशहरे के अवसर पर नगर निगम की स्वच्छ भारत मिशन (एसबीएम) टीम की ओर से मॉडल टाउन के एसडी पब्लिक स्कूल में ‘स्वच्छता का तीर’ विषय पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें विद्यार्थियों ने स्वच्छता का तीर चलाकर गंदगी रूपी रावण का प्रतीकात्मक वध किया और स्वच्छ, स्वस्थ एवं सुंदर शहर बनाने का संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने गंदगी, प्लास्टिक प्रदूषण, जल एवं वायु प्रदूषण, खुले में कचरा फेंकने, बीमारियों और नशे जैसी सामाजिक एवं पर्यावरणीय बुराइयों को रावण के विभिन्न रूपों के माध्यम से प्रदर्शित किया। बच्चों ने ‘स्वच्छता का तीर’ चलाकर इन बुराइयों को समाप्त करने और स्वच्छता को जीवनशैली का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
नगर निगम की ओर से एसबीएम एक्सपर्ट दुर्गेश कुमार ने कहा कि इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ उन्हें अपने आसपास साफ-सफाई बनाए रखने, प्लास्टिक प्रदूषण पर अंकुश लगाने और कचरे का उचित प्रबंधन करने के लिए प्रेरित करना रहा। प्रिंसिपल सुनीता शर्मा ने बताया कि कार्यक्रम में संदेश दिया गया कि जिस प्रकार दशहरा बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक है, उसी प्रकार सामूहिक प्रयासों से गंदगी और प्रदूषण पर भी विजय प्राप्त की जा सकती है। मौके पर कोऑर्डिनेटर भावना, गतिविधि प्रभारी अंजू शर्मा समेत सभी स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे।
फोटो - कार्यक्रम में गंदगी रूपी रावण पर स्वच्छता का तीर चलाकर वध करते हुए।