-सफीदों क्षेत्र के लोगों को मिली सौगात, 4 एकड़ में बनेगा राजकीय नर्सिंग महाविद्यालय--सरकार महिलाओं की शिक्षा, कौशल विकास और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयासरतः विधायक रामकुमार गौतम
- कॉलेज के निर्माण पर खर्च होंगे लगभग 43.5 करोड़ रुपये, विधायक रामकुमार गौतम ने भूमि पूजन कर किया शिलान्यास
- विधायक ने अधिकारियों को निर्माण कार्य में गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करने के दिए निर्देश
सफीदों, 16 अक्तूबर विधायक रामकुमार गौतम ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार महिलाओं की शिक्षा, कौशल विकास और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयास कर रही हैं। इसी दिशा में सफीदों शहर में राजकीय नर्सिंग महाविद्यालय का निर्माण क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण शौगात है। इस महाविद्यालय के शुरू होने से सफीदों क्षेत्र की बेटियों और महिलाओं को नर्सिंग की पढ़ाई करने के लिए दूसरे शहरों में नहीं जाना पड़ेगा, बल्कि उन्हें अपने क्षेत्र में ही बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी। इस अवसर पर पूर्व विधायक कलीमराम पटवारी,चेयरमैन चन्द्र सैनी,रोहतास शर्मा, विनोद कौशल, सक्षम भटिया,एस.ई नरेश गोस्वामी,एक्सईएन इंद्रपाल,एसडीई सुरेन्द्र पाल,सुधीर कुण्डू,प्रधानाचार्य सकुंतला,डाॅ बलबीर,गरीमा,रीना व अन्य सम्बधित अधिकारी तथा कालेज की छात्राएं मौजूद रहे।
विधायक रामकुमार गौतम ने शुक्रवार को सफीदों में बनने वाले राजकीय नर्सिंग महाविद्यालय का भूमि पूजन कर विधिवत शिलान्यास किया। लगभग 4 एकड़ भूमि पर बनने वाले इस महाविद्यालय के निर्माण पर करीब 43.5 करोड़ रुपये की धन राशि खर्च की जाएगी। इस परियोजना से क्षेत्र में उच्च एवं व्यावसायिक शिक्षा के अवसर बढ़ने के साथ-साथ स्वास्थ्य सेवाओं के लिए प्रशिक्षित नर्सिंग कर्मियों की उपलब्धता को भी प्रोत्साहन मिलेगा। उन्होंने कहा कि नर्सिंग शिक्षा आज स्वास्थ्य सेवाओं का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है। अस्पतालों और अन्य स्वास्थ्य संस्थानों में प्रशिक्षित नर्सिंग स्टाफ की अहम भूमिका होती है। ऐसे में सफीदों में राजकीय नर्सिंग महाविद्यालय स्थापित होने से स्थानीय विद्यार्थियों को नर्सिंग के क्षेत्र में अपना भविष्य बनाने का अवसर मिलेगा। इससे विशेष रूप से उन परिवारों को लाभ होगा, जिनकी बेटियां दूरी और आर्थिक कारणों से दूसरे शहरों में जाकर शिक्षा प्राप्त नहीं कर पातीं।
उन्होंने कहा कि किसी भी क्षेत्र के विकास में शिक्षा की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। आधुनिक सुविधाओं से युक्त शिक्षण संस्थान युवाओं को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के साथ-साथ क्षेत्र की प्रगति में भी योगदान देते हैं। नर्सिंग महाविद्यालय बनने से सफीदों और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को व्यावसायिक शिक्षा प्राप्त करने के लिए एक नया विकल्प मिलेगा। इससे क्षेत्र में शिक्षा के बुनियादी ढांचे को मजबूती मिलेगी। विधायक ने निर्माण कार्य से जुड़े हरियाणा पुलिस हाउसिंग काॅर्पोरेशन के अधिकारियों को निर्देश दिए कि महाविद्यालय के निर्माण में निर्धारित मानकों का पूरी तरह पालन किया जाए। निर्माण सामग्री की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान रखा जाए और कार्य की नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि भवन का निर्माण मजबूत, सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण होना चाहिए, ताकि विद्यार्थियों को भविष्य में बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिल सके। निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए और निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार कार्य को आगे बढ़ाया जाए। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं और विकास परियोजनाओं का वास्तविक लाभ तभी मिलता है, जब उनका क्रियान्वयन प्रभावी ढंग से किया जाए। इसलिए संबंधित अधिकारी आपसी समन्वय के साथ निर्माण कार्य को आगे बढ़ाएं और गुणवत्ता के साथ समयबद्ध तरीके से परियोजना को पूरा करने का प्रयास करें।
बाॅक्सः विधायक ने किया अनाज मंडियों का दौरा लिया फसल खरीद प्रक्रिया का जायजा
विधायक रामकुमार गौतम ने इस दौरान पिल्लूखेड़ा व सफीदों की अनाज मंडियों मंे पंहुचकर किसानों व आढतियों की समस्याएं सुनी उन्होंने अधिकारियों को कहा कि किसान बहुत मेहनत से फसल को उगाकर मंडियों में बिक्री के लिए लेकर आता है। लिहाजा उनकी फसल का एक-एक दाना खरीदा जाए। किसी भी किसान की अगर कोई समस्या है तो उसका तुरंत निदान किया जाए। उन्होंने अधिकारियों से स्पष्ट कहा कि किसान को अपनी फसल बेचने में कोई दिक्कत नही आनी चाहिए। सम्बंधित खरीद एजेंसी जिम्मेवारी के साथ कार्य करें। उन्होंने अधिकारियों को कहा कि फसल खरीद के साथ-साथ उठान का कार्य भी सुचारू रूप से चलता रहना चाहिए।
बाॅक्सः विधायक ने नागरिकों की सुनी समस्याएं
इस दौरान विधायक रामकुमार गौतम ने लोक निर्माण विश्राम गृह मेें लोगों की सिलसिलेवार समस्याएं सुनी और उनके समाधान के लिए मौके पर उपस्थित सभी संबधित अधिकारियों को निवारण के निर्देश दिये। सफीदों शहर के स्थानीय नागरिकोें द्वारा बिजली के पोलों पर लाईट लगाने की व्यवस्था को लेकर रखी गई समस्या का निदाान करते हुए निकाय कर्मियों को निर्देश दिये कि शहर में सभी जगह जरूरत के अनुसार लाईट लगवाई जाएं। इसके अलावा शहर के एम जी रोड़ पर नालों की सफाई भी करवाना सुनिश्चित करें। उन्होंने इसी प्रकार सरला काॅलेज के पास बस्ती में भी लाईट व साफ-सफाई के निर्देश दिये। इस दौरान एसडीएम सफीदों पुलकित मल्होत्रा तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी व कर्मचारी विशेष रूप मौजूद रहे।
....................................
- आगजनी की घटनाओं से बचाव के लिए सतर्कता और जागरूकता बेहद जरूरी: एसडीएम पुलकित मल्होत्रा
-सेवा संकल्प अभियान के तहत लघुक सचिवालय सफीदों में फायर सेफ्टी जागरूकता कार्यक्रम एवं मॉक ड्रिल आयोजित
सफीदों, 16 अक्टूबर सेवा संकल्प अभियान के तहत वीरवार को सफीदों के लघु सचिवालय में फायर सेफ्टी जागरूकता कार्यक्रम एवं मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। इस दौरान दमकल विभाग की टीम ने आमजन को आगजनी की घटनाओं से बचाव, आपातकालीन परिस्थितियों में सुरक्षित निकासी तथा आग लगने की स्थिति में तुरंत उठाए जाने वाले आवश्यक कदमों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
एसडीएम पुलकित मल्होत्रा ने कहा कि आगजनी की घटनाओं से जान-माल के नुकसान को कम करने के लिए लोगों का जागरूक और सतर्क होना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि छोटी-सी लापरवाही भी बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकती है, इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को फायर सेफ्टी के नियमों की जानकारी होनी चाहिए। समय रहते सही कदम उठाकर आग से होने वाले नुकसान को काफी हद तक कम किया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य आमजन को जनहित से जुड़ी गतिविधियों के प्रति जागरूक करना और समाज में सुरक्षा, सावधानी तथा जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करना है। फायर सेफ्टी जागरूकता कार्यक्रम इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों को सुरक्षा उपायों की जानकारी दी जाए। एसडीएम ने आमजन से अपील की कि वे आग से बचाव के नियमों का पालन करें और अपने आसपास के लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करें। उन्होंने कहा कि नियमित मॉक ड्रिल, सुरक्षा उपकरणों की उचित व्यवस्था और आपातकालीन स्थिति में त्वरित कार्रवाई से दुर्घटनाओं के जोखिम को कम किया जा सकता है। प्रशासन का प्रयास है कि सेवा संकल्प अभियान के तहत जनसुरक्षा से जुड़ी गतिविधियों को बढ़ावा देकर लोगों को जागरूक और सुरक्षित बनाया जाए।
मॉक ड्रिल के दौरान दमकल विभाग के कर्मचारियों ने आग लगने की स्थिति में घबराने के बजाय संयम और सूझबूझ से काम लेने, सुरक्षित स्थान पर पहुंचने तथा जरूरत पड़ने पर दमकल विभाग को तुरंत सूचना देने के बारे में बताया। इसके साथ ही फायर एक्सटिंग्विशर यानी अग्निशामक यंत्र के सही इस्तेमाल का व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया गया। कर्मचारियों ने समझाया कि आग की शुरुआती अवस्था में अग्निशामक यंत्र का सही तरीके से उपयोग करके आग को फैलने से रोकने में मदद मिल सकती है। इस दौरान लोगों को बताया गया कि अग्निशामक यंत्र का उपयोग करते समय सुरक्षित दूरी बनाए रखना और हवा की दिशा का ध्यान रखना आवश्यक है। साथ ही, घरों, दुकानों, कार्यालयों, प्रतिष्ठानों और सार्वजनिक स्थलों पर फायर सेफ्टी उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा उनका नियमित रखरखाव करने की जरूरत के बारे में भी बताया गया।
Safidon, Jind | Oct 16, 2026