पंचायत विकास दिवस पर पंचायती राज विभाग के अपर सचिव ने दरियापुर का किया भ्रमण
फतेहपुर चैन में ग्राम सभा का अनुश्रवण, खानपुर में निर्माणाधीन पंचायत सरकार भवन का किया निरीक्षण
सारण, 27 सितंबर 2026। पंचायत विकास दिवस के अवसर पर आज पंचायती राज विभाग के अपर सचिव श्री आदित्य प्रकाश द्वारा सारण जिले के दरियापुर प्रखंड का भ्रमण किया गया। इस दौरान उन्होंने ग्राम पंचायत फतेहपुर चैन में आयोजित ग्राम सभा का अनुश्रवण किया तथा इसके उपरांत ग्राम पंचायत खानपुर में भवन निर्माण विभाग द्वारा निर्माणाधीन पंचायत सरकार भवन का निरीक्षण किया।
ग्राम सभा में ग्रामीणों की सहभागिता का लिया जायजा
ग्राम पंचायत फतेहपुर चैन में आयोजित ग्राम सभा के दौरान अपर सचिव ने पंचायत विकास से जुड़े विषयों पर ग्रामीणों की सहभागिता एवं ग्राम सभा की कार्यवाही का अनुश्रवण किया। पंचायत विकास दिवस के अवसर पर ग्राम सभा के माध्यम से स्थानीय आवश्यकताओं, विकास की प्राथमिकताओं एवं पंचायत स्तर पर संचालित विभिन्न गतिविधियों में जनभागीदारी को महत्वपूर्ण बताया गया।
निर्माणाधीन पंचायत सरकार भवन का निरीक्षण
ग्राम सभा के उपरांत अपर सचिव श्री आदित्य प्रकाश ने ग्राम पंचायत खानपुर में भवन निर्माण विभाग द्वारा निर्माणाधीन पंचायत सरकार भवन का निरीक्षण किया। उन्होंने भवन निर्माण की प्रगति का जायजा लिया तथा संबंधित पदाधिकारियों एवं अभियंताओं से निर्माण कार्य की वर्तमान स्थिति एवं तकनीकी पहलुओं की जानकारी ली।
पंचायतों को सशक्त बनाने पर जोर
पंचायत विकास दिवस का उद्देश्य ग्राम पंचायतों में स्थानीय स्तर पर विकास की प्राथमिकताओं को चिन्हित करने, ग्राम सभा के माध्यम से ग्रामीणों की सहभागिता सुनिश्चित करने तथा पंचायतों को सशक्त एवं सक्षम बनाने की दिशा में प्रभावी कार्य करना है। इस अवसर पर पंचायत स्तर पर उपलब्ध आधारभूत सुविधाओं एवं संस्थागत संरचनाओं को सुदृढ़ करने की आवश्यकता पर भी विशेष ध्यान दिया गया।
इस अवसर पर जिला पंचायत राज पदाधिकारी, सारण श्री शशि कुमार, अपर जिला पंचायत राज पदाधिकारी श्री मुकुल रंजन, प्रखंड विकास पदाधिकारी, दरियापुर, प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारी, दरियापुर श्री मृत्युंजय कुमार, प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारी, सोनपुर श्री राजेश कुमार, सहायक अभियंता, भवन निर्माण विभाग श्री रमा शंकर, कनीय अभियंता श्री जुल्फिकार, सांसद प्रतिनिधि श्री राकेश सिंह, बीस सूत्री अध्यक्ष, दरियापुर श्री संजय सिंह, मुखिया, खानपुर श्री सुधीर कुमार अकेला, तकनीकी सहायक श्री प्रवीण कुमार एवं श्री संजीत कुमार, डीपीआरसी नोडल श्री निशिकांत सहित अन्य पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।
Saharsa, Bihar | Sep 27, 2026