फतेहपुर पुलिस की अपील: बैंक खाता फ्रीज या होल्ड होने पर न घबराएं, जानें बचाव और सही प्रक्रिया।
#फतेहपुर।#जनपद फतेहपुर पुलिस द्वारा साइबर अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने और आमजन को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से एक विशेष जागरूकता अपील जारी की गई है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यदि साइबर धोखाधड़ी की जांच के दौरान किसी निर्दोष व्यक्ति का बैंक खाता प्रभावित होता है, तो उसे घबराने की आवश्यकता नहीं है।
खाता फ्रीज या होल्ड होने पर क्या करें?
पुलिस के अनुसार, साइबर ठगी की धनराशि के लेन-देन की जांच (Trail) के दौरान कभी-कभी अनजाने में किसी निर्दोष व्यक्ति के खाते में संदिग्ध रकम ट्रांसफर हो जाती है, जिससे जांच के दायरे में आने पर बैंक खाते को अस्थायी रूप से फ्रीज या होल्ड कर दिया जाता है। ऐसी स्थिति में:
घबराएं नहीं: सबसे पहले अपनी बैंक की होम ब्रांच में जाएं और एक लिखित प्रार्थना पत्र प्रस्तुत करें।
साक्ष्य उपलब्ध कराएं: अपने खाते से संबंधित सभी वैध दस्तावेज और संदिग्ध लेन-देन का सही साक्ष्य बैंक को सौंपें।
जांच में सहयोग करें: GRM (ग्रीवांस रिड्रेसल मैकेनिज्म) पोर्टल, साइबर विंग और बैंक के समन्वय से चल रही जांच में पूरा सहयोग दें।
फतेहपुर पुलिस ने आश्वस्त किया है कि जांच में निर्दोष पाए जाने पर नियमानुसार खाता और रोकी गई धनराशि को शीघ्र ही अनफ्रीज कर दिया जाएगा।