*गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और बेहतर अवसरों से निखरेगी युवा प्रतिभा : राजेश धर्माणी*
*राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला मरहाणा के वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह में मंत्री ने की शिरकत, स्कूल के विकास कार्यों के लिए 5 लाख रुपये देने की घोषणा*
*सीबीएसई पैटर्न, अंग्रेजी माध्यम और आधुनिक तकनीक से मजबूत हो रही प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था*
घुमारवीं। नगर नियोजन, आवास एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी ने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और विद्यार्थियों को बेहतर अवसर उपलब्ध करवाना प्रदेश सरकार की प्राथमिकता है। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में सरकार सरकारी स्कूलों को आधुनिक सुविधाओं और बेहतर शैक्षणिक वातावरण से सुसज्जित करने की दिशा में कार्य कर रही है, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को भी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के समान अवसर मिल सकें।
उन्होंने कहा कि सरकारी स्कूलों को सीबीएसई पैटर्न पर विकसित करने, पहली कक्षा से अंग्रेजी माध्यम में पढ़ाई शुरू करने, नैतिक शिक्षा को पाठ्यक्रम का हिस्सा बनाने तथा शैक्षणिक दिवसों की संख्या बढ़ाकर 210 दिन करने जैसे महत्वपूर्ण निर्णय शिक्षा व्यवस्था में सुधार की दिशा में उठाए गए हैं। इसके अतिरिक्त राजीव गांधी मॉडल डे-बोर्डिंग स्कूल स्थापित किए जा रहे हैं तथा 850 से अधिक शिक्षण संस्थानों को इंस्टीट्यूशंस ऑफ एक्सीलेंस के रूप में विकसित किया जा रहा है। इनमें स्मार्ट क्लासरूम सहित आधुनिक शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध करवाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
राजेश धर्माणी मंगलवार को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला मरहाणा के वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह में बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि शिक्षकों की कमी दूर करने और शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने के लिए सरकार नियमित भर्तियों के साथ उनके प्रशिक्षण पर भी विशेष ध्यान दे रही है। शिक्षकों को सिंगापुर जैसे देशों में एक्सपोजर विजिट पर भेजा जा रहा है, ताकि वे आधुनिक शिक्षण पद्धतियों का अनुभव प्राप्त कर सकें। वहीं, विद्या समीक्षा केंद्र के माध्यम से स्कूलों की शैक्षणिक गतिविधियों की रियल-टाइम निगरानी और उपलब्ध संसाधनों के बेहतर उपयोग के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि आज के प्रतिस्पर्धात्मक दौर में शिक्षा का उद्देश्य केवल किताबी ज्ञान तक सीमित नहीं रहना चाहिए। विद्यार्थियों में रचनात्मक सोच, नवाचार और समस्या समाधान की क्षमता विकसित करना भी आवश्यक है। प्रदेश सरकार स्कूलों में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), मशीन लर्निंग और रोबोटिक्स जैसे आधुनिक विषयों को शामिल करने की दिशा में कार्य कर रही है, ताकि विद्यार्थी भविष्य की तकनीकी चुनौतियों का सामना करने में सक्षम बन सकें।
मंत्री ने स्कूल में विभिन्न विकासात्मक कार्यों एवं विद्यार्थियों की सुविधाओं के विस्तार के लिए 5 लाख रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने बताया कि खेलकूद प्रतियोगिताओं के दौरान सामने आई रोशनी की समस्या के समाधान के लिए स्कूल को चार सोलर लाइट उपलब्ध करवाई गई हैं, जिन्हें स्थापित कर दिया गया है। इसके अतिरिक्त स्कूल के शौचालयों के सुधारीकरण के लिए संबंधित विभाग को एस्टीमेट तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं।
*मरहाणा पंचायत में सड़क और स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार*
राजेश धर्माणी ने बताया कि मरहाणा पंचायत में लोक निर्माण विभाग के माध्यम से सड़क के रखरखाव एवं सुधार कार्यों पर लगभग 40 लाख रुपये खर्च किए गए हैं। इसके तहत विभिन्न स्थानों पर डंगों का निर्माण, संवेदनशील स्थानों पर पेवर ब्लॉक लगाने और सड़क के अधिकांश हिस्से में नालियों का निर्माण करवाया गया है। हाल ही में सड़क पर पैचवर्क भी करवाया गया है।
उन्होंने बताया कि मरहाणा स्थित डिस्पेंसरी भवन के जीर्णोद्धार एवं सुधार कार्यों पर लगभग 7.50 लाख रुपये खर्च किए जा रहे हैं। अधिकांश कार्य पूरे हो चुके हैं तथा अब केवल दरवाजे लगाने का कार्य शेष है।
इसके अतिरिक्त मरहाणा की दलित बस्ती में संपर्क मार्ग के सुधार के लिए मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना (MMGSY) के अंतर्गत लोक निर्माण विभाग को 10 लाख रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति प्राप्त हुई है। इस कार्य के तहत पेवर ब्लॉक लगाए जाएंगे तथा आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर जल्द निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा।
इससे पहले स्कूल की प्रधानाचार्य सीमा शर्मा ने मुख्य अतिथि का शॉल, टोपी एवं स्मृति चिह्न भेंट कर स्वागत किया तथा वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत कर विद्यालय की वर्षभर की गतिविधियों की जानकारी दी। समारोह में शैक्षणिक, खेलकूद एवं अन्य गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर उच्च शिक्षा निदेशक नरेश चंदेल, जिला महिला कांग्रेस अध्यक्ष सरला चौहान, बीडीसी अध्यक्ष उषा चौहान, जिला कांग्रेस उपाध्यक्ष राजेश कुमार, ग्राम पंचायत मरहाणा की प्रधान शिल्पा ठाकुर, ग्राम पंचायत कुठेड़ा मरहाणा की प्रधान नीलम शर्मा, पंचायत मरहाणा के उपप्रधान अशोक ठाकुर, बीडीसी सदस्य नीलम कुमारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, स्कूल स्टाफ, अभिभावक एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे।