राज्य स्तरीय अंतर-प्रमंडल विद्यालय बॉक्सिंग (बालक) प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ; पहले मुकाबले में पूर्णिया प्रमंडल ने दर्ज की जीत*
कटिहार, दिनांक 13 अक्टूबर, 2026।
खेल भवन-सह-व्यायामशाला, कटिहार में आज दिनांक 13 अक्टूबर, 2026 को पूर्वाह्न 11:00 बजे राज्य स्तरीय (अंतर-प्रमंडल) विद्यालय बॉक्सिंग (बालक) अंडर-14, अंडर-17 एवं अंडर-19 खेल प्रतियोगिता, 2026-27 का भव्य शुभारंभ किया गया।
उद्घाटन समारोह में श्री तारकिशोर प्रसाद, माननीय विधायक-सह-सचिव, राज्य बॉक्सिंग संघ, जिला प्रशासन, कटिहार के उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता (राजस्व), अपर समाहर्ता (पीजीआरओ), अपर समाहर्ता (आपदा प्रबंधन), जिला बॉक्सिंग संघ के सचिव सहित जिला मुख्यालय के अन्य प्रशासनिक पदाधिकारी उपस्थित रहे। अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलित कर प्रतियोगिता का विधिवत उद्घाटन किया गया।
दिनांक 12 से 15 अक्टूबर, 2026 तक आयोजित इस राज्य स्तरीय अंतर-प्रमंडल प्रतियोगिता में बिहार के विभिन्न प्रमंडलों के खिलाड़ियों के साथ बिहार राज्य खेल प्राधिकरण (BSSA) की टीम की सहभागिता निर्धारित थी। कुल 10 दलों के भाग लेने की योजना थी, लेकिन सहरसा प्रमंडल की टीम के भाग नहीं लेने के कारण प्रतियोगिता में कुल 9 दल ही भाग ले रहे हैं। प्रतियोगिता के माध्यम से विभिन्न आयु वर्गों के विद्यालयी खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा, कौशल एवं खेल क्षमता प्रदर्शित करने का अवसर मिल रहा है।
प्रतियोगिता के प्रथम मुकाबले में अंडर-17 आयु वर्ग के अंतर्गत मुंगेर प्रमंडल एवं पूर्णिया प्रमंडल के खिलाड़ियों के बीच रोमांचक मुकाबला हुआ, जिसमें पूर्णिया प्रमंडल के खिलाड़ी ने जीत दर्ज की। प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ी पूरे उत्साह, अनुशासन एवं खेल भावना के साथ अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं।
इस प्रतियोगिता का विशेष महत्व है, क्योंकि इसमें उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विजेता बनने वाले खिलाड़ियों/दल को राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में भाग लेने का अवसर मिलेगा। राष्ट्रीय स्तर पर चयनित खिलाड़ी बिहार राज्य का प्रतिनिधित्व करते हुए अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। इससे खिलाड़ियों को राज्य स्तर से आगे बढ़कर राष्ट्रीय मंच पर अपनी पहचान स्थापित करने की प्रेरणा मिलेगी।
इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य विद्यालय स्तर पर खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करना, प्रतिभावान खिलाड़ियों को राज्य स्तरीय मंच उपलब्ध कराना तथा उन्हें आगामी उच्च स्तरीय प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करना है। प्रतियोगिता के आगामी मुकाबलों में विभिन्न प्रमंडलों के खिलाड़ियों के बीच रोचक एवं प्रतिस्पर्धात्मक मुकाबले होने की उम्मीद है।
जिला जनसंपर्क पदाधिकारी
कटिहार।
Information & Public Relations Department, Government of Bihar CMO Bihar Samrat Choudhary Social Welfare Department, Government of Bihar @topfans CM Samrat
Katihar, Bihar | Oct 13, 2026