मुरैना: अंतिम संस्कार के लिए भी ग्रामीणों की अग्निपरीक्षा!
मुरैना जिले के पोरसा ब्लॉक की ग्राम पंचायत कुरेठा में 90 वर्षीय महिला के निधन के बाद अंतिम यात्रा के दौरान ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
जसमंत सिंह तोमर की माता जी का लंबी बीमारी के चलते निधन हो गया। अंतिम संस्कार के लिए शव को श्मशान घाट तक ले जाने के दौरान ग्रामीणों को कीचड़ भरे रास्ते से गुजरना पड़ा।
ग्रामीणों का आरोप है कि गांव में न तो पक्का श्मशान घाट है और न ही श्मशान तक पहुंचने के लिए पक्की सड़क। ऐसे में शव को बेहद मुश्किल हालात में श्मशान तक पहुंचाया गया।
सरकार गांवों में पक्की सड़क और मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की बात करती है, लेकिन कुरेठा चंद का पुरा के ग्रामीणों का कहना है कि जिम्मेदारों की अनदेखी के चलते उन्हें आज भी ऐसी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
सवाल यही है—आखिर जिम्मेदार कब जागेंगे और ग्रामीणों को इस समस्या से कब निजात मिलेगी?