कलेक्टर की अध्यक्षता में समय-सीमा सह अंतर्विभागीय समन्वय बैठक में लंबित प्रकरणों के त्वरित निराकरण के दिए निर्देश
बड़वानी 22 जुलाई 2026/ कलेक्टर श्रीमती जयति सिंह की अध्यक्षता में कलेक्टरेट सभागृह बड़वानी में समय-सीमा सह अंतर्विभागीय समन्वय की बैठक आयोजित की गई। बैठक में आगामी सप्ताह में होने वाली कलेक्टर-कमिश्नर बैठक के महत्वपूर्ण बिंदुओं सहित विभिन्न विभागों के कार्यों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक के दौरान कलेक्टर श्रीमती सिंह ने राजस्व विभाग के अंतर्गत नामांतरण, बंटवारा एवं सीमांकन के लंबित प्रकरणों के संबंध में सभी राजस्व अधिकारियों को निर्देशित किया कि अपर कलेक्टर श्रीमती हेमलता सोलंकी से समन्वय कर अगले सप्ताह तक प्रकरणों को निराकृत कराये। साथ ही मूंग उपार्जन केंद्रों पर किसानों के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। पशुपालन एवं डेयरी विकास की समीक्षा करते हुए उन्होंने उप संचालक पशुपालन को संचालित योजनाओं में प्रगति लाने के सख्त निर्देश दिए। साथ ही सांची दुग्ध संघ मर्यादित इंदौर को मिल्क कलेक्शन सेंटरों की संख्या बढ़ाने, कलेक्शन का डेटा प्रस्तुत करने, नए सेंटर शुरू करने तथा एलडीएम के माध्यम से सीसीएल प्रकरणों का प्राथमिकता से निराकरण कराने को कहा।
जिले में आजीविका एवं रोजगार संवर्धन पर जोर देते हुए कलेक्टर ने जिला आजीविका मिशन अंतर्गत आजीविका रूरल मार्ट के माध्यम से जिले में नई इकोनॉमिक क्रिएशन (आर्थिक गतिविधियों के सृजन) की आवश्यकता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए, क्योंकि सही अर्थों में यही जिले की गति एवं प्रगति का आधार है और विकास का वास्तविक प्रतीक होगा। इसके साथ ही पीएम विश्वकर्मा योजना के अंतर्गत महाप्रबंधक जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र बड़वानी को स्थानीय स्तर पर लोगों को स्वरोजगार उपलब्ध कराने हेतु विशेष रूप से निर्देशित किया गया।
सीएम हेल्पलाइन की समीक्षा के दौरान 50 और 100 दिवस से अधिक लंबित शिकायतों का अगले सप्ताह तक शत-प्रतिशत संतुष्टिपूर्ण निराकरण करने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने सभी विभाग प्रमुखों को दर्ज शिकायतों के निराकरण में तत्परता से कार्य करने के निर्देश दिए।।
डीपीसी बड़वानी को सभी शासकीय स्कूल भवनों के अधोसंरचना संबंधी निरीक्षण कराने तथा जर्जर या जीर्ण-शीर्ण भवनों में संचालित कक्षाओं को तत्काल अन्यत्र सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट कराने के निर्देश दिए गए। इस सम्बन्ध में कलेक्टर श्रीमती सिंह ने सख्त निर्देश दिए कि किसी भी अप्रिय घटना की स्थिति में संबंधित अधिकारी की सीधी जवाबदेही तय कर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा, महिला एवं बाल विकास तथा स्वास्थ्य विभाग अंतर्गत मुख्यमंत्री बाल आरोग्य संवर्धन कार्यक्रम के तहत चिन्हित सैम/मैम ( SAM/MAM ) बच्चों का संपर्क ऐप पर शत-प्रतिशत पंजीयन, एमोक्सीसिलिन दवा के स्टॉक और सतत मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, जबकि समस्त अनुविभागीय अधिकारी। एवं तहसीलदारों को छात्रावासों का नियमित निरीक्षण करने के निर्देश दिए। स्वास्थ्य एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं की समीक्षा करते हुए जिला टीकाकरण अधिकारी को सिकल सेल एनीमिया स्क्रीनिंग एवं दिव्यांगता प्रमाण पत्र जारी करने सम्बन्ध में एनजीओ के माध्यम से मैरिज काउंसलिंग एवं समुचित उपचार लेने हेतु नागरिको प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही सीएमएचओ एवं संयुक्त कलेक्टर को वरला क्षेत्र में ग्रीन कमांडो अभियान अंतर्गत टीकाकरण एवं अन्य तैयारियों के संबंध में आवश्यक दिशा निर्देश दिए। साथ ही स्वास्थ्य विभाग को। मौसमी बीमारियों की रोकथाम तथा शिशु व मातृ मृत्यु दर को नियंत्रित करने के निर्देश दिए गए। पीएचई विभाग को मानसून अवधि में निर्बाध पेयजल आपूर्ति, दूषित जल से बचाव एवं शत-प्रतिशत क्लोरीनेशन का कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। नगरीय निकायों के सीएमओ को प्रधानमंत्री आवास योजना ( शहरी ) के तहत जियो-टैगिंग की प्रक्रिया पूरी कर द्वितीय किश्त जारी करने तथा कृषि विभाग को ई-विकास टोकन प्रणाली व फसल बीमा योजना के सुचारू क्रियान्वयन हेतु निर्देशित किया गया।
बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्रीमती काजल जावला, सहायक कलेक्टर श्री माधव अग्रवाल, अपर कलेक्टर श्रीमती हेमलता सोलंकी, संयुक्त कलेक्टर श्री रवि वर्मा सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी एवं विभागीय जिला प्रमुख उपस्थित रहे।
22 views | Barwani, Madhya Pradesh | Jul 23, 2026