हलद्वानी में मानसून के दौरान सांपों का निकलना जारी, वन विभाग ने किया 750 से अधिक का सुरक्षित रेस्क्यू
हलद्वानी: मानसून सीजन की शुरुआत के साथ ही हलद्वानी वन प्रभाग के विभिन्न रिहायशी इलाकों में सांप निकलने की घटनाओं में तेजी आई है। इस स्थिति को देखते हुए वन विभाग पूरी तरह से अलर्ट मोड पर है। वन अधिकारियों के अनुसार, अप्रैल 2025 से लेकर अब तक आबादी वाले क्षेत्रों से लगभग 750 सांपों का सुरक्षित रेस्क्यू कर उन्हें जंगलों में छोड़ा जा चुका है। आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए विभाग की रेस्क्यू टीमें 24 घंटे तैनात हैं, जो सूचना मिलते ही तुरंत मौके पर पहुंचती हैं।
वन विभाग ने आम जनता से अपील की है कि घर, खेत या आसपास सांप दिखने पर घबराएं नहीं और न ही उसे खुद पकड़ने या मारने का प्रयास करें। किसी भी ऐसी स्थिति में तुरंत वन विभाग की हेल्पलाइन नंबर 1926 पर सूचित करें, ताकि प्रशिक्षित टीम मौके पर पहुंचकर सुरक्षित कार्रवाई कर सके। मानसून के इस मौसम में थोड़ी सी सतर्कता इंसानों और वन्यजीवों दोनों की सुरक्षा सुनिश्चित कर सकती है।