#देवरिया: एंबुलेंस हादसे में चार मौतों के बाद डीएम-एसपी ने परिजनों से मिलकर जताया शोक
#देवरिया। पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर एंबुलेंस दुर्घटना में चार लोगों की मौत के बाद जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी और पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर ने शोक संतप्त परिवार के घर पहुंचकर परिजनों से मुलाकात की। दोनों अधिकारियों ने दिवंगतों के परिजनों को ढांढस बंधाया और अपनी गहरी शोक संवेदना व्यक्त की।
डीएम ने परिजनों को हरसंभव सहयोग का आश्वासन देते हुए ईश्वर से इस अपार दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
जानकारी के अनुसार, रुद्रपुर तहसील के गहिला दुधैला गांव निवासी सत्यवान सिंह पुत्र जयसिंह सेना में सूबेदार के पद पर तैनात थे। उनका निधन 1 अक्टूबर 2026 को चंडीगढ़ कमांड अस्पताल में हुआ था। उनका पार्थिव शरीर अंतिम संस्कार के लिए पैतृक गांव गहिला दुधैला लाया जा रहा था।
इसी दौरान 4 अक्टूबर की सुबह पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर सुल्तानपुर जिले के थाना हलियापुर क्षेत्र में जरई कला गांव के पास पार्थिव शरीर लेकर जा रही एंबुलेंस दुर्घटनाग्रस्त हो गई।
हादसे में एंबुलेंस चालक जशपाल पुत्र सुरेंद्र पाल (45 वर्ष), मृतक के भाई रामसमुझ पुत्र जयसिंह (55 वर्ष), मृतक के पुत्र गौरव सिंह (18 वर्ष), दोनों निवासी गहिला दुधैला, तथा राजन चौधरी पुत्र रामप्रीत चौधरी (32 वर्ष) निवासी भरटोला वार्ड, रुद्रपुर की मौत हो गई। राजन चौधरी रुद्रपुर में वार्ड सदस्य भी थे।
हादसे की खबर से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। डीएम और एसपी ने पीड़ित परिवार को प्रशासन की ओर से हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया।
DM Deoria