मकान से जेवरात और नकदी चोरी करने का आरोपी गिरफ्तार, दो दिन के पुलिस रिमांड पर
पलवल, 12 अक्टूबर। थाना गदपुरी क्षेत्र के गांव जटोला में मकान से जेवरात और नकदी चोरी करने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान ललित उर्फ लुक्का निवासी गांव जटोला के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है।
पुलिस के अनुसार, शिकायतकर्ता प्रमोद निवासी गांव जटोला ने चौकी बघौला में शिकायत दी थी कि 30 और 31 अगस्त 2026 की रात उसके चाचा तारीफ के घर की अलमारी से सोने का करीब डेढ़ तोले का मंगलसूत्र, चांदी के आभूषण और 30 हजार रुपये नकद चोरी हो गए थे। परिजनों ने घर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज जांची तो उसमें ललित उर्फ लुक्का दिखाई दिया।
शिकायत के आधार पर थाना गदपुरी में भारतीय न्याय संहिता की धारा 305 और 331(4) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। चौकी बघौला की पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए 11 अक्टूबर 2026 को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आरोपी के खिलाफ वर्ष 2020 में थाना गदपुरी और वर्ष 2021 में थाना शहर फरीदाबाद में झपटमारी, चोरी सहित अन्य मामलों में मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस आरोपी से पूछताछ कर चोरी किए गए आभूषण और नकदी बरामद करने का प्रयास कर रही है। साथ ही मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।
Palwal, Palwal | Oct 12, 2026