मड़िहान रेंज में धड़ल्ले से पेड़ कटान! वन विभाग की भूमिका पर उठे सवाल, ग्रामीणों ने रेंजर पर लगाया गंभीर आरोप
मड़िहान/पटेहरा। मड़िहान रेंज क्षेत्र में कथित रूप से अवैध पेड़ों की कटान का मामला सामने आया है। ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र में धड़ल्ले से पेड़ काटे जा रहे हैं और शिकायत के बावजूद वन विभाग द्वारा प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही है।
ग्रामीणों के मुताबिक, शिकायत करने पर वन विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों ने पहले कार्रवाई का आश्वासन दिया, लेकिन बाद में सिंचाई विभाग का हवाला देकर कार्रवाई से पीछे हटने का आरोप है। इसको लेकर ग्रामीणों में विभागीय कार्यप्रणाली के प्रति नाराजगी बढ़ती जा रही है।
ग्रामीणों ने वन रेंजर पर पैसे लेकर पेड़ कटवाने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। वहीं, सूत्रों के हवाले से यह भी दावा किया जा रहा है कि कथित तौर पर वन विभाग के कुछ कर्मचारी प्रति पेड़ पांच हजार रुपये लेकर कटान की अनुमति दे रहे हैं।
मामला सामने आने के बाद अब सवाल उठ रहा है कि यदि पेड़ों का कटान अवैध है तो जिम्मेदार विभाग कार्रवाई क्यों नहीं कर रहा?
ग्रामीणों ने उच्चाधिकारियों से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
#BreakingNews #Mirzapur #TodayMirzapur #Madihan #Patehra #ForestDepartment #IllegalTreeCutting #MirzapurNews