✅ जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक सम्पन्न
सोमवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति, योजनाओं के क्रियान्वयन और विभिन्न स्वास्थ्य कार्यक्रमों की समीक्षा की गई। बैठक में उन्होंने स्वास्थ्य सुविधाओं और मातृ-शिशु सुरक्षा को लेकर निर्देश दिये। बैठक में प्रभारी मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री प्रवीण इवने ने स्वास्थ्य अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिले की सभी गर्भवती महिलाओं का समय पर पंजीयन सुनिश्चित किया जाए। उन्होने कहा कि जिन क्षेत्रों में स्वास्थ्य कार्यकर्ता पदस्थ नहीं है, वहां टीम बनाकर कर सर्वे कर शत प्रतिशत गर्भवती महिलाओं का पंजीयन तथा टीकाकरण कार्य सुनिश्चित करें। उन्होने निर्देशित किया कि उच्च जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं का चिन्हांकन कर उनका उचित प्रबन्धन करें।
बैठक में प्रभारी सीईओ श्री इवने ने निर्देश दिये कि सभी गर्भवती महिलाओं को प्रसव से पूर्व समय पर बर्थ वेटिंग रूम में भर्ती किया जाए ताकि संस्थागत प्रसव को प्रोत्साहित किया जा सके। उन्होने निर्देश दिये कि स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं के माध्यम से कुपोषित बच्चों का चिन्हांकन कर उन्हें पोषण पुनर्वास केन्द्र में भर्ती कराया जाए। बैठक में बताया गया कि राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के तहत 6 अक्टूबर को 19 वर्ष की आयु तक के बच्चों को एलबेण्डाजोल की गोली खिलाई जाएगी तथा इससे छूट गये बच्चों को 9 अक्टूबर को मॉपअप राउण्ड के तहत एलबेण्डाजोल की गोली खिलाई जाएगी। श्री इवने ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिये कि कृमि मुक्ति दिवस की सभी पूर्व तैयारियां पूर्ण करें।
सीईओ श्री इवने ने बैठक में सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि हायपर टेंशन में चिन्हित सभी हितग्राहियों का शतप्रतिशत फालोअप लिया जाए। उन्होने स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर और समय पर उपलब्ध कराने के निर्देश सभी अधिकारियों को दिए। बैठक में मातृ-शिशु स्वास्थ्य, टीकाकरण और अस्पतालों में दवाओं एवं व्यवस्थाओं की उपलब्धता पर भी विस्तार से चर्चा की गई। इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एच.पी. सिंह सहित अन्य स्वास्थ्य अधिकारी उपस्थित रहे।
Directorate of Health Services, Madhya Pradesh Jansampark Madhya Pradesh
#Health #Harda #हरदा
Harda, Madhya Pradesh | Sep 21, 2026