जुलाई से पहले स्कूल वाहन दुरुस्त करें, सुरक्षा मानकों में कमी मिलने पर होगी सख्त कार्रवाई : एआरटीओ
शाहजहांपुर। आगामी जुलाई माह से विद्यालयों के पुनः खुलने के मद्देनजर सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी प्रशासन सर्वेश कुमार सिंह ने सभी विद्यालय प्रबंधकों एवं प्रधानाचार्यों को स्कूल वाहनों की सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि विद्यालयों के नाम पंजीकृत अथवा अनुबंधित सभी वाहनों के फिटनेस, प्रदूषण प्रमाणपत्र, बीमा तथा परमिट सहित आवश्यक अभिलेखों की वैधता की जांच कर ली जाए। जिन वाहनों के दस्तावेजों की अवधि समाप्त हो चुकी है उनका नवीनीकरण कराकर ही संचालन किया जाए।इसके अलावा स्कूल वाहनों में लगे अग्निशामक यंत्रों की कार्यशीलता एवं वैधता भी सुनिश्चित की जाए। निरीक्षण के दौरान किसी वाहन में सुरक्षा मानकों की अनदेखी या आवश्यक दस्तावेजों में कमी पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। एआरटीओ प्रशासन सर्वेश कुमार सिंह ने कहा कि विद्यार्थियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है, इसलिए सभी विद्यालय निर्धारित मानकों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करें।
Shahjahanpur, Shahjahanpur | Jun 25, 2026