देवरिया: न्यू प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कुसुम्हा पर युवाओं का प्रदर्शन, डॉक्टर और स्टाफ पर अनुपस्थित रहने का आरोप
देवरिया। जनपद के न्यू प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कुसुम्हा पर मंगलवार को उस समय हंगामा खड़ा हो गया, जब बड़ी संख्या में युवाओं ने स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाली को लेकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन का नेतृत्व आजाद हिन्द सेना वाहिनी के संस्थापक ऋषि पांडेय ने किया।
प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि स्वास्थ्य केंद्र पर डॉक्टर और स्वास्थ्यकर्मी नियमित रूप से अनुपस्थित रहते हैं, जिससे मरीजों को इलाज नहीं मिल पाता। उनका कहना है कि दूर-दराज से आने वाले मरीज घंटों इंतजार करने के बाद भी बिना उपचार के वापस लौटने को मजबूर हो जाते हैं।
प्रदर्शन के दौरान युवाओं ने आरोप लगाया कि संबंधित जिम्मेदार अधिकारी व्यवस्था सुधारने के बजाय निजी प्रैक्टिस में व्यस्त हैं, जिसके कारण सरकारी स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित हो रही हैं। प्रदर्शनकारियों ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
युवाओं ने चेतावनी दी कि यदि अस्पताल में डॉक्टरों और स्टाफ की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित नहीं की गई और स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार नहीं हुआ, तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।
हालांकि, इस मामले में स्वास्थ्य विभाग की ओर से समाचार लिखे जाने तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
Deoria, Deoria | Jul 28, 2026