भैया दूज पर महिलाओं को HRTC बसों में मुफ्त सफर की सुविधा
11 नवंबर को सूर्योदय से सूर्यास्त तक साधारण बसों में नहीं लगेगा किराया
धर्मशाला। भैया दूज के अवसर पर हिमाचल प्रदेश की महिलाओं को HRTC बसों में मुफ्त यात्रा की सौगात मिलेगी। 11 नवंबर को प्रदेशभर में निगम की निर्धारित समय-सारणी के अनुसार चलने वाली साधारण बसों में महिलाएं सूर्योदय से सूर्यास्त तक निशुल्क सफर कर सकेंगी।
HRTC धर्मशाला मंडल के DM पंकज चड्डा ने बताया कि यह सुविधा केवल हिमाचल प्रदेश की सीमा के भीतर संचालित होने वाली निगम की नियमित साधारण बसों में ही मान्य होगी। विशेष बस सेवाएं इसके दायरे में शामिल नहीं होंगी।
उन्होंने बताया कि त्योहार के अवसर पर बहनों को अपने मायके और भाइयों के घर पहुंचने में सुविधा देने के उद्देश्य से सरकार की ओर से यह व्यवस्था की जाती है। इससे पहले रक्षाबंधन पर भी महिलाओं को मुफ्त यात्रा की सुविधा दी गई थी।