चाकचौबंद सुरक्षा के बीच गणपति बप्पा की विदाई क्रेन से हुआ विसर्जन
गणपति बप्पा की विदाई में उमड़ा आस्था का सैलाब, बूढ़ा बांध पर प्रशासन की चाकचौबंद व्यवस्था
छतरपुर। गणेश उत्सव के समापन पर शुक्रवार को शहर में गणपति बप्पा की विदाई का सिलसिला शुरू हुआ। बड़ी संख्या में श्रद्धालु परिवार के साथ गणेश प्रतिमाएं लेकर बूढ़ा बांध के जलभराव क्षेत्र स्थित विसर्जन स्थल पहुंचे। ढोल-नगाड़ों और जयकारों के बीच भक्तों ने गणेश जी की पूजा-अर्चना कर सुख, शांति और समृद्धि की कामना की और नम आंखों से प्रतिमाओं को विदाई दी गणेश विसर्जन को लेकर जिला प्रशासन की ओर से इस बार विशेष सुरक्षा और व्यवस्था की गई है। प्रतिमाओं के सुरक्षित विसर्जन के लिए क्रेन मशीन की मदद ली जा रही है, वहीं जलभराव क्षेत्र में SDRF की टीम और प्रशिक्षित गोताखोर लगातार तैनात हैं। पानी में सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रखने के लिए नाव के माध्यम से टीम द्वारा निगरानी की जा रही है।
विसर्जन स्थल पर पुलिस डॉग स्क्वाड की मदद से भी जांच और निरीक्षण किया जा रहा है। श्रद्धालुओं और बच्चों को पानी से दूर रहने तथा सुरक्षा नियमों का पालन करने की समझाइश दी जा रही है।इस बार प्रशासन की व्यवस्था में एक महत्वपूर्ण पहल यह भी देखने को मिली कि गणेश प्रतिमा के साथ आने वाली पूजा सामग्री, निर्माल्य और अन्य सामग्री के लिए अलग व्यवस्था की गई है, ताकि इन्हें जलाशय में जाने से रोका जा सके और पानी को प्रदूषित होने से बचाया जा सके।