*पंचायतीराज चुनाव-2026: कानून एवं व्यवस्था की तैयारियों की समीक्षा*
पंचायतीराज संस्थाओं के आम चुनाव-2026 के तहत स्वतंत्र, निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं भयमुक्त मतदान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से की अध्यक्षता में कानून एवं व्यवस्था संबंधी तैयारियों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला निर्वाचन अधिकारी मुहम्मद जुनैद पी.पी. एवं पुलिस अधीक्षक श्री विशनाराम विश्नोई ने निर्वाचन संबंधी सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने निर्देश दिए कि आदर्श आचार संहिता की सख्ती से पालना सुनिश्चित की जाए तथा उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाए। उन्होंने संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील मतदान केंद्रों पर अतिरिक्त पुलिस जाब्ता तैनात करने, प्रभावी फ्लैग मार्च एवं नाकाबंदी करने तथा आपराधिक प्रवृत्ति वाले व्यक्तियों के विरुद्ध आवश्यक निरोधात्मक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रशासन एवं पुलिस आपसी समन्वय से कार्य करते हुए मतदाताओं में सुरक्षा का विश्वास कायम करें, ताकि वे बिना किसी भय, दबाव अथवा प्रलोभन के अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें।
बैठक में मतदान केंद्रों की संवेदनशीलता के अनुरूप सुरक्षा कार्ययोजना, पुलिस बल की तैनाती, ईवीएम एवं निर्वाचन सामग्री की सुरक्षित आवाजाही, स्ट्रॉन्ग रूम की सुरक्षा तथा मतदान दलों की रवानगी से वापसी तक की व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। अधिकारियों को मतदान केंद्रों के 100 एवं 200 मीटर के दायरे में निर्धारित निर्वाचन नियमों की पालना सुनिश्चित करने तथा बूथ मैनेजमेंट प्लान का गहन अध्ययन कर आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने सोशल मीडिया पर भ्रामक सूचनाओं एवं अफवाहों की निगरानी रखने तथा निर्वाचन प्रक्रिया को प्रभावित करने वाली गतिविधियों पर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए। बैठक में डाक मतपत्र, शस्त्र जमा कराने, चुनाव सामग्री वितरण, यातायात एवं पार्किंग प्रबंधन तथा मतगणना स्थल की सुरक्षा व्यवस्था पर भी चर्चा की गई।
उन्होंने सभी मतदान केंद्रों पर बिजली, पर्याप्त रोशनी, पेयजल एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने पर जोर दिया। साथ ही दिव्यांग मतदाताओं को मतदान केंद्र तक पहुंचने एवं मतदान करने में सुविधा उपलब्ध कराने के लिए आवश्यकतानुसार वाहन व्यवस्था करने के निर्देश दिए। #rajasthanpolice #igpudaipur#salumberpolice
29 views | Udaipur, Rajasthan | Nov 3, 2026