डीएम वैभव श्रीवास्तव के नेतृत्व में जनशिकायतों के त्वरित निष्पादन पर जोर, राज्य स्तरीय सहयोग शिविर में सारण के सभी 10 मामलों का हुआ निष्पादन
छपरा, 11 अगस्त 2026। जनशिकायतों के त्वरित एवं प्रभावी समाधान को लेकर जिला प्रशासन, सारण द्वारा लगातार कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है। इसी क्रम में माह के द्वितीय मंगलवार को आयोजित राज्य स्तरीय सहयोग शिविर, जिसमें माननीय मुख्यमंत्री के प्रत्यक्ष निगरानी एवं अनुश्रवण हेतु मामलों को प्रस्तुत किया जाता है, में आज सारण जिले से प्रस्तुत सभी 10 मामलों का निष्पादन सुनिश्चित किया गया।
सारण से प्रस्तुत 10 मामलों में गरखा प्रखंड के 5, परसा के 2 तथा बनियापुर, दरियापुर एवं एकमा के एक-एक मामले शामिल थे। गरखा के दो मामलों में शौचालय निर्माण के बाद देय सरकारी राशि का भुगतान कर दिया गया। अतिक्रमण से संबंधित एक मामले में कार्रवाई की गई, जबकि बंदोबस्ती पर्चा से संबंधित दोनों मामलों में पर्चा निर्गत कर दिया गया। परसा के एक मामले में त्रुटिपूर्ण विद्युत विपत्र को संशोधित कर भुगतान कराया गया तथा दूसरे मामले में परिवादी को राशन कार्ड निर्गत किया गया।
इसी प्रकार बनियापुर के मामले में राशन कार्ड निर्गत होने के बाद लाभुक द्वारा जुलाई 2026 का राशन भी उठाव कर लिया गया। दरियापुर के मामले में ट्रांसफार्मर लगाने की कार्रवाई सुनिश्चित करते हुए विद्युत आपूर्ति सुचारू कर दी गई। एकमा के वृद्धावस्था पेंशन संबंधी मामले में जून 2026 की पेंशन राशि का भुगतान कर दिया गया तथा जुलाई 2026 की पेंशन राशि के भुगतान की प्रक्रिया भी सुनिश्चित की गई।
जिला प्रशासन के स्तर पर सभी संबंधित विभागों को जनशिकायतों के त्वरित, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। डीएम श्री वैभव श्रीवास्तव के नेतृत्व में जिला प्रशासन द्वारा यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि आमजनों से प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध निष्पादन हो तथा पात्र लाभुकों को सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ बिना अनावश्यक विलंब के प्राप्त हो।
Saharsa, Bihar | Aug 11, 2026