#बालाघाट
विकसित भारत, पोषण एवं स्वच्छता का संदेश लेकर निकला जागरूकता प्रचार रथ
उत्कृष्ट विद्यालय से हुआ शुभारंभ, 14 और 15 अक्टूबर को फोटो प्रदर्शनी के माध्यम से दी जाएगी महत्वपूर्ण जानकारियां
विकसित भारत, पोषण एवं स्वच्छता के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से केंद्रीय संचार ब्यूरो, प्रादेशिक कार्यालय भोपाल द्वारा जिला प्रशासन बालाघाट के सहयोग से जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में दो दिवसीय फोटो प्रदर्शनी के प्रचार-प्रसार के लिए जागरूकता प्रचार रथ का शुभारंभ उत्कृष्ट विद्यालय, बालाघाट से किया गया। प्रचार रथ के माध्यम से नागरिकों को प्रदर्शनी और उससे जुड़ी जागरूकता गतिविधियों की जानकारी दी जा रही है।
केंद्रीय संचार ब्यूरो द्वारा ‘विकसित भारत’, ‘वीबी-जी राम जी’, पोषण एवं स्वच्छता विषय पर 14 एवं 15 अक्टूबर 2026 को उत्कृष्ट विद्यालय, बालाघाट में दो दिवसीय फोटो प्रदर्शनी आयोजित की जा रही है। प्रदर्शनी का शुभारंभ 14 अक्टूबर को प्रातः 11 बजे होगा। इसके माध्यम से छायाचित्रों के जरिए संबंधित विषयों की जानकारी आमजन तक पहुंचाई जाएगी। साथ ही विभिन्न जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को इन विषयों के प्रति जागरूक किया जाएगा।
प्रचार रथ के माध्यम से आमजन तक पहुंचेगा जागरूकता संदेश
इस अवसर पर केंद्रीय संचार ब्यूरो, क्षेत्रीय कार्यालय जबलपुर के प्रभारी श्री दिनेश गौर ने बताया कि दो दिवसीय फोटो प्रदर्शनी के दौरान विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य नागरिकों को विकसित भारत की संकल्पना, पोषण, स्वच्छता तथा संबंधित विषयों के प्रति जागरूक करना है। प्रचार रथ के माध्यम से प्रदर्शनी की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाई जा रही है, ताकि नागरिक इसमें सहभागिता कर सकें।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय की प्रभारी प्राचार्य डॉ. पूनम मिश्रा, व्याख्याता श्री उमाशंकर पटले, श्री कौशलेंद्र घोटे, श्रीमती अर्चना चौबे, श्री अरविंद सोनवाने, श्री अनिल हरिनखेड़े, श्री अजय बैस सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
आयोजकों ने जिले के नागरिकों, विद्यार्थियों एवं आमजन से 14 और 15 अक्टूबर को उत्कृष्ट विद्यालय, बालाघाट में आयोजित होने वाली फोटो प्रदर्शनी में शामिल होकर जागरूकता कार्यक्रमों का लाभ लेने की अपील की है।
#ViksitBharat #MIB_Hindi #विकसित_भारत #CMMadhyaPradesh #JansamparkMP #minprdd
Balaghat, Madhya Pradesh | Oct 13, 2026