फिरोजाबाद श्रावण मास एवं कांवड़ यात्रा की तैयारियों को लेकर जिला व पुलिस प्रशासन हुआ मुस्तैद।
फिरोजाबाद में आगामी श्रावण मास एवं कांवड़ यात्रा को लेकर जिलाधिकारी संतोष कुमार ने बताया कि जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन द्वारा व्यापक स्तर पर तैयारियाँ शुरू कर दी गई हैं। यात्रा को सुचारू, सुरक्षित और व्यवस्थित रूप से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिला स्तरीय समिति , पुलिस अधिकारियों तथा थाना स्तर पर समीक्षा बैठकें आयोजित की गई हैं।
कांवड़ संघों, श्रद्धालुओं तथा स्थानीय डी०जे० संचालकों के साथ समन्वय बैठकें कर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
कांवड़ यात्रा मार्ग को पूरी तरह गड्डा-मुक्त करने तथा आवागमन में आने वाली बाधाओं को दूर करने के निर्देश दिए गए हैं।
जिलाधिकारी ने बताया कि यात्रा मार्ग पर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पेयजल, स्वच्छता एवं अन्य नागरिक सुविधाओं को दुरुस्त किया जा रहा है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे ने बताया कि कांवड़ मार्गों एवं संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा। यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि कांवड़ियों की आवाजाही और आम जनता के यातायात में किसी प्रकार का अवरोध या कठिनाई न आए।
प्रशासन एवं पुलिस की टीमों द्वारा कांवड़ रूटों का लगातार निरीक्षण किया जा रहा है और सभी संबंधित विभागों के साथ बेहतर समन्वय बनाकर कार्य किया जा रहा है।
जिलाधिकारी संतोष शर्मा ने सभी कांवड़ संघों, श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि शांति, सौहार्द और यातायात व सुरक्षा नियमों का पालन करते हुए इस पावन यात्रा को सफलतापूर्वक संपन्न कराने में सहयोग करें।