मांझर कुंड में एक सप्ताह रहेगा प्रवेश बंद, डीएम-एसपी ने किया निरीक्षण
रोहतास के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल मांझर कुंड झरना क्षेत्र का रविवार को जिलाधिकारी दीपक कुमार मिश्र, पुलिस अधीक्षक रौशन कुमार तथा डीएफओ स्टालिन फिडल कुमार ने संयुक्त रूप से निरीक्षण किया। अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था, साफ-सफाई और पर्यावरण संरक्षण की स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान मांझर कुंड परिसर में फैली गंदगी पर नाराजगी जताते हुए पर्यटकों से कूड़ा-कचरा नहीं फैलाने और वन क्षेत्र में गैस चूल्हा का उपयोग नहीं करने की सख्त चेतावनी दी गई।
निरीक्षण के दौरान वन क्षेत्र से एक गैस सिलेंडर भी बरामद हुआ, जिसके संबंध में आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। डीएफओ ने बताया कि मांझर कुंड प्रवेश चेक नाका पर आने-जाने वाले सभी लोगों की नियमित जांच की जाएगी, ताकि सुरक्षा और पर्यावरण संरक्षण सुनिश्चित किया जा सके।
अधिकारियों ने बताया कि मांझर कुंड में विशेष साफ-सफाई अभियान चलाया जाएगा। अभियान के दौरान पर्यटकों के प्रवेश पर एक सप्ताह के लिए अस्थायी रोक रहेगी। साफ-सफाई पूरी होने और क्षेत्र को व्यवस्थित किए जाने के बाद ही पर्यटकों के लिए प्रवेश दोबारा शुरू किया जाएगा। प्रशासन ने लोगों से सहयोग की अपील करते हुए प्राकृतिक धरोहर को स्वच्छ और सुरक्षित बनाए रखने में भागीदारी निभाने का आग्रह किया।