7 दिवसीय आपदा मित्र प्रशिक्षण कार्यक्रम का हुआ समापन
============================================================
मध्यप्रदेश आपदा प्रबंधन प्राधिकरण गृह विभाग एवं होमगार्ड मुख्यालय मध्यप्रदेश के निर्देशानुसार आपदा मित्र वालेंटियर्स के प्रशिक्षण में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए 125 सिविल वालेंटियर्स द्वारा 04 से 11 अगस्त 2026 तक उत्साहपूर्वक सहभागिता की गई, जिसका गत दिवस समापन कार्यक्रम संपन्न हुआ। कार्यक्रम का संचालन स्टेडियम ग्राउंड छिंदवाड़ा में डिस्ट्रिक्ट कमांडेंट श्रीमती स्नेहलता पाठ्या के नेतृत्व में कंपनी कमांडर श्री गणेश कुमार धुर्वे एवं हवलदार अनुदेशक श्री रामप्रसाद सिंगोतिया एवं एसडीईआरएफ टीम द्वारा किया गया।
07 दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को सैद्धांतिक एवं व्यवहारिक दोनों प्रकार का प्रशिक्षण प्रदान किया गया, जिनमें विभिन्न प्राकृतिक एवं मानव जन्य आपदाओं व उनके प्रबंधन, राहत एवं बचाव कार्यों तथा नागरिक सुरक्षा से संबंधित दायित्वों का प्रभावी ढंग से निर्वहन किए जाने का प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण अवधि में आपदा मित्रों के कर्तव्य व जिम्मेदारियां, आपदा व प्रबंधन, बाढ़, भूकंप, सर्पदंश प्रबंधन, प्रथमोपचार, इंप्रोवाइज राफ्ट, अग्निशमन उपकरणों के प्रयोग, ध्वस्त ढांचा, खोज व बचाव, घायलों के प्राथमिक उपचार, घायलों के परिवहन, आकस्मिक सेवाएं आदि विषयों पर विस्तृत सैद्धांतिक व आवश्यक प्रायोगिक प्रशिक्षण प्रदान किया गया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम के समापन के अवसर पर अपर कलेक्टर श्री धीरेंद्र सिंह की गरिमामयी उपस्थिति में डिस्ट्रिक्ट कमांडेंट श्रीमती स्नेहलता पाठ्या द्वारा आपदा मित्रों के कर्तव्यों एवं दायित्वों पर प्रकाश डाला गया। सिविल डिफेंस के वरिष्ठ सदस्य व डिप्टी वार्डन श्री श्यामलराव द्वारा रिसोर्स पर्सन की भूमिका निभाते हुए प्रशिक्षण में विशेष सहयोग किया गया।
इसके बाद अपर कलेक्टर श्री सिंह एवं जिला क्रीड़ा अधिकारी श्री चौरसिया द्वारा समस्त आपदा मित्रों के नामांकित वालेंटियर्स को आपदा के दौरान प्रशासन के समक्ष उत्पन्न परिस्थितियों के समय कंधे से कंधा मिलाकर सहयोग व सहभागिता निभाए जाने के लिये प्रोत्साहित करते हुए प्रमाण पत्र एवं आपदा प्रबंधन किट का वितरण किया गया। समापन समारोह के दौरान होमगार्ड का कार्यालयीन बल एवं समस्त आपदा मित्र वालेंटियर्स उपस्थित थे।