किसानों की समस्याओं को लेकर आज भारतीय किसान यूनियन के जिला अध्यक्ष सुभाष गुर्जर के नेतृत्व में सैकड़ों पदाधिकारी यमुनानगर पहुंचे। संगठन का कहना है कि उन्हें पहले सूचना दी गई थी कि दोपहर 12 बजे बिजली मंत्री अनिल विज से मुलाकात कराई जाएगी, लेकिन उनके अनुसार मंत्री निर्धारित बैठक में नहीं पहुंचे।
इसके बाद एसपी कमलदीप गोयल ने किसानों को अपने कार्यालय में बुलाकर बातचीत की। किसानों ने अपनी विभिन्न मांगें और शिकायतें रखीं तथा उपायुक्त के प्रति भी असंतोष व्यक्त किया। एसपी के निर्देश पर बिजली विभाग के एसई और अन्य अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर किसानों की बात सुनी और ज्ञापन प्राप्त किया।
करीब एक घंटे चली बैठक में किसानों ने बिजली संबंधी समस्याओं को विस्तार से रखा। एसपी कमलदीप गोयल ने अधिकारियों के आश्वासन के आधार पर किसानों को भरोसा दिलाया कि एक सप्ताह के भीतर मांगों पर कार्रवाई का प्रयास किया जाएगा।
इस दौरान सुभाष गुर्जर ने आरोप लगाया कि मंत्री किसानों के सवालों का सामना करने से बच रहे हैं और चेतावनी दी कि यदि समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तथा अधिकारियों का रवैया नहीं बदला, तो भविष्य में बड़े स्तर पर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।
बैठक में दीप राणा नंबरदार, यादविंदर कंबोज, अरविंद कंबोज, महेंद्र चमरोड़ी, नरेश मोहड़ी, राहुल संधाय, सुभाष शर्मा, हरपाल सुडल, अशोक डांगी, जंगशेर सिंह, बीर सिंह संधू, जसबीर अजीजपुर, सुखदेव सिंह टिब्बी, रविंदरपाल सिंह, कुलविंदर सिद्धू, साहिल सेतिया, विनोद गुर्जर तेलीपुरा सहित बड़ी संख्या में किसान प्रतिनिधि मौजूद रहे।