*पिपरा में अवैध शराब-गांजा बिक्री के खिलाफ फूटा महिलाओं का गुस्सा, सैकड़ों महिलाएं पहुंची थाने*
*खनियांधाना।* ग्राम पंचायत पिपरा में अवैध शराब और गांजा बिक्री के विरोध में आज शुक्रवार शाम 4 बजे सैकड़ों महिलाओं ने बामौरकलां थाने का घेराव किया।ग्राम पंचायत की सरपंच श्रीमती रतिबाई आदिवासी के नेतृत्व में महिलाएं, पंचगण और ग्रामीण पैदल मार्च करते हुए थाने पहुंची और थाना प्रभारी को लिखित आवेदन सौंपा। आवेदन में बताया गया कि गांव में लंबे समय से कथित रूप से अवैध जहरीली शराब और गांजे की खुलेआम बिक्री हो रही है। सरपंच ने बताया कि जहरीली शराब के सेवन से गांव में कई लोगों की तबीयत बिगड़ी है और कुछ मौतों की भी आशंका जताई जा रही है। नशे के कारण गांव के युवा बर्बाद हो रहे हैं और आए दिन झगड़े-फसाद हो रहे हैं, जिससे महिलाओं और बच्चों में दहशत है।महिलाओं ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि गांव में चल रहे अवैध नशे के कारोबार पर तत्काल छापामार कार्रवाई कर बिक्री पर पूर्णतः रोक लगाई जाए और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए ताकि ग्रामीणों को सुरक्षित माहौल मिल सके।पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच कर शीघ्र कार्रवाई का आश्वासन दिया है।