कार से युवती को खींचकर ले जाने का प्रयास, बचाने आए युवक से मारपीट; वीडियो वायरल/शिवपुरी।
जिले के पिछोर थाना क्षेत्र में पिछोर-चंदेरी मार्ग पर एक युवती को कार से खींचकर ले जाने के प्रयास और उसे बचाने पहुंचे युवक के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें सड़क पर युवती को रोकने और युवक के साथ मारपीट करते हुए कुछ लोग नजर आ रहे हैं। वीडियो अब इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो रहा है।जानकारी के मुताबिक, युवती की पहचान गजौरा गांव निवासी चंदा पुत्री वीरन लोधी के रूप में हुई है। चंदा इंदौर में रहकर नौकरी करती थी। इसी दौरान उसकी मुलाकात पश्चिम बंगाल निवासी लालू बैरा पुत्र अशोक बैरा, निवासी रुद्रनगर थाना सागौर से हुई। दोनों के बीच प्रेम संबंध हुए और बाद में दोनों ने शादी कर ली।बताया गया है कि चंदा के परिजनों ने इंदौर में उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई थी। इसके बाद परिजनों ने कथित तौर पर उसे और उसके पति लालू को गांव गजौरा बुलाया। दोनों उनके बुलावे पर गांव पहुंचे थे। बुधवार को किसी बात को लेकर परिजनों का रुख बदल गया और उन्होंने चंदा को गांव में रोकने तथा लालू को वहां से भगाने का प्रयास किया।इसी दौरान चंदा और लालू ने वहां से निकलने की कोशिश की। पिछोर-चंदेरी मार्ग पर कुछ लोगों ने उन्हें रोक लिया। आरोप है कि चंदा को कार से खींचकर ले जाने का प्रयास किया गया। वहीं, उसे बचाने पहुंचे लालू के साथ सड़क पर मारपीट की गई। इसी दौरान किसी ने पूरी घटना का वीडियो बना लिया, जो अब वायरल हो रहा है।घटना की सूचना मिलते ही पिछोर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को थाने लेकर आई। यहां पुलिस ने दोनों से पूछताछ कर घटनाक्रम की जानकारी ली।
थाना प्रभारी नीतू सिंह अहिरवार ने बताया कि युवती की गुमशुदगी का मामला इंदौर में दर्ज है। दोनों बालिग हैं। इसी वजह से पिछोर पुलिस ने दोनों को इंदौर पुलिस के समक्ष अपने बयान दर्ज कराने की हिदायत देकर जाने दिया।