पटना के VVIP इलाके में मिला अज्ञात शव, हत्या की आशंका; पुलिस और FSL टीम जांच में जुटी
**पटना:** बिहार की राजधानी पटना के VVIP इलाके हार्डिंग रोड ओवरब्रिज के पास गुरुवार सुबह एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से हड़कंप मच गया। घटना सचिवालय थाना क्षेत्र की है। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की टीम को भी घटनास्थल पर बुलाया गया।
घटनास्थल का निरीक्षण करने पहुंचीं सचिवालय डीएसपी अनु कुमारी ने बताया कि मृतक की उम्र लगभग 45 वर्ष प्रतीत होती है। फिलहाल शव की पहचान नहीं हो सकी है और पुलिस उसकी शिनाख्त कराने में जुटी हुई है।
प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि व्यक्ति की हत्या कहीं और की गई हो सकती है और बाद में शव को हार्डिंग रोड ओवरब्रिज के पास लाकर फेंक दिया गया। यह इलाका राजधानी का अत्यंत संवेदनशील माना जाता है, जहां कई मंत्रियों, विधायकों और अन्य जनप्रतिनिधियों के सरकारी आवास स्थित हैं। ऐसे में पुलिस इस पहलू को भी गंभीरता से जांच रही है।
डीएसपी अनु कुमारी ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और FSL की जांच के बाद ही मौत के कारणों और घटना की वास्तविक परिस्थितियों का पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
Bihar, India | Jul 9, 2026