धान खरीद प्रबंधों का जायजा लेने बरवाला अनाज मंडी पहुंचे ज्ञानचंद गुप्ता
किसान हमारे लिए सर्वोपरि, खरीद, भुगतान और लिफ्टिंग में किसी प्रकार की परेशानी न आए : ज्ञानचंद गुप्ता
बरवाला, 5 अक्टूबर। पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एवं वरिष्ठ भाजपा नेता ज्ञानचंद गुप्ता ने सोमवार को बरवाला अनाज मंडी पहुंचकर खरीफ सीजन की धान खरीद व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने मंडी चेयरमैन देशराज पोसवाल और मंडी सचिव दिनेश कुमार से धान की खरीद, लिफ्टिंग तथा किसानों के लिए उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली।
गुप्ता ने मंडी में पहुंची धान की फसल की नमी, वजन मशीनों, पेयजल व्यवस्था और शौचालयों का निरीक्षण किया। उन्होंने मंडी में स्वयं सहायता समूह द्वारा संचालित अटल कैंटीन का भी जायजा लिया, जहां किसानों और मंडी में आने वाले लोगों को मात्र 10 रुपये प्रति प्लेट की दर से भोजन उपलब्ध करवाया जा रहा है।
मंडी अधिकारियों ने बताया कि खरीफ सीजन 2026-27 में अब तक बरवाला अनाज मंडी में 72,908 क्विंटल धान की आवक हो चुकी है, जबकि 28,531 क्विंटल धान की खरीद की जा चुकी है। मंडी चेयरमैन देशराज पोसवाल ने बताया कि सोमवार को करीब 5,500 क्विंटल तथा एक दिन पहले करीब 1,200 क्विंटल धान की लिफ्टिंग की गई। लिफ्टिंग का कार्य लगातार जारी है।
अधिकारियों के अनुसार अब तक करीब 70 प्रतिशत धान की खरीद हैफेड तथा 30 प्रतिशत हरियाणा वेयरहाउसिंग कॉरपोरेशन के माध्यम से की गई है।
इस दौरान ज्ञानचंद गुप्ता ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसानों को फसल बेचने, भुगतान प्राप्त करने या फसल की लिफ्टिंग को लेकर किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि किसान हमारे लिए सर्वोपरि हैं और खरीद प्रक्रिया को सुचारू बनाए रखना प्राथमिकता है।
इस अवसर पर मंडी चेयरमैन देशराज पोसवाल, मंडी सचिव दिनेश कुमार, बरवाला सरपंच ओम सिंह राणा, बतौड़ सरपंच प्रतिनिधि संदीप राणा, मंडल अध्यक्ष धर्मेंद्र संधू, पूर्व मंडल अध्यक्ष गौतम राणा, कृष्ण टोका, मैनपाल, देवेंद्र शर्मा, पूर्व सरपंच गुरनाम सिंह, नीरज गोयल सहित अन्य किसान एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।