मुख्य विकास अधिकारी ने निर्माणाधीन उत्सव भवन का स्थलीय निरीक्षण कर कार्यों को मानक के अनुरूप पूर्ण कराने के दिए निर्देश।
आज मुख्य विकास अधिकारी श्री विवेक कुमार श्रीवास्तव द्वारा ग्राम पंचायत फूलपुर, विकास खण्ड फतेहपुर मण्डाव में निर्माणाधीन उत्सव भवन का गठित समिति एवं तकनीकी अधिकारियों के साथ स्थलीय निरीक्षण किया गया।निरीक्षण के दौरान पाया गया कि उत्सव भवन का निर्माण स्टैब स्तर तक तथा बाउंड्रीवाल का कार्य पूर्ण हो चुका है, जबकि प्लास्टर, टाइल्स, विद्युत वायरिंग, शौचालय, किचन आदि कार्य अभी अपूर्ण हैं। निरीक्षण में उत्सव भवन का पोर्टिको/प्रवेश द्वार एवं रैम्प निर्धारित डिजाइन के अनुरूप नहीं पाया गया। इसके साथ ही शौचालय में वॉशबेसिन के प्लेटफॉर्म की ऊंचाई भी निर्धारित मानक से अधिक पाई गई। मौके पर उपस्थित पंचायत विभाग के तकनीकी सलाहकार, जिनके पर्यवेक्षण में पोर्टिको/प्रवेश द्वार का निर्माण कार्य कराया जा रहा है, को कड़े निर्देश दिए गए कि समस्त निर्माण कार्य निर्धारित डिजाइन, मानक एवं विशिष्टियों के अनुरूप कराया जाना सुनिश्चित करें। विशेष रूप से पोर्टिको/प्रवेश द्वार, रैम्प तथा वॉशबेसिन के प्लेटफॉर्म की ऊंचाई को निर्धारित मानकों के अनुरूप कराते हुए शेष सभी कार्य भी गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए। निरीक्षण के दौरान स्पष्ट निर्देश दिए गए कि निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की अनियमितता अथवा मानकों की अनदेखी स्वीकार नहीं की जाएगी। निर्धारित डिजाइन एवं तकनीकी विशिष्टियों के अनुरूप कार्य पूर्ण न होने की स्थिति में संबंधित तकनीकी सलाहकार एवं ग्राम प्रधान की जिम्मेदारी निर्धारित की जाएगी। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि निर्माण कार्य की गुणवत्ता एवं प्रगति की नियमित निगरानी करते हुए शेष कार्यों को निर्धारित मानकों के अनुसार शीघ्र पूर्ण कराया जाए।