◆ महिलाओं की एक मिस्ड कॉल पर हरकत में आएगी हनुमानगढ़ पुलिस, शुरू हुई महिला हेल्पलाइन
◆ नशे की खरीद-फरोख्त और आपराधिक गतिविधियों की दे सकेंगी गोपनीय सूचना,पहचान रखी जाएगी पूरी तरह गुप्त
#BreakingNews पुलिस मुख्यालय द्वारा संचालित “महिला सुरक्षा संकल्प अभियान” के तहत हनुमानगढ़ जिला पुलिस लाइन में महिला जनजागरूकता एवं संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में आरएसी राजस्थान की उप महानिरीक्षक पुलिस श्रीमती श्वेता धनकड़ मुख्य अतिथि रहीं, जबकि जिला पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य ने अध्यक्षता की।कार्यक्रम की शुरुआत वृक्षारोपण से हुई। इसके बाद अधिकारियों ने महिलाओं से संवाद कर महिला सुरक्षा, सशक्तिकरण और पुलिस की ओर से चलाए जा रहे विभिन्न अभियानों की जानकारी दी। महिलाओं की समस्याएं और सुझाव भी सुने गए।
महिला हेल्पलाइन नंबर का शुभारंभ
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री की नशे के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति और महिला सशक्तिकरण की पहल के तहत महिला हेल्पलाइन नंबर 8764876051 का शुभारंभ किया गया। इस नंबर पर महिलाएं अपने आसपास होने वाली नशे की खरीद-फरोख्त, नशा तस्करी, अवैध मादक पदार्थों के कारोबार और अन्य संदिग्ध आपराधिक गतिविधियों की गोपनीय सूचना पुलिस को दे सकेंगी। खास बात यह है कि महिला को केवल एक मिस्ड कॉल करनी होगी। इसके बाद हनुमानगढ़ पुलिस स्वयं महिला से संपर्क कर आवश्यक जानकारी प्राप्त करेगी। कॉल या व्हाट्सऐप के जरिए भी सूचना दी जा सकेगी।
महिला पुलिस अधिकारी करेंगी हेल्पलाइन का संचालन
हेल्पलाइन का संचालन अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती राजकंवर, SIUCAW के माध्यम से किया जाएगा। पुलिस ने महिलाओं को भरोसा दिलाया कि सूचना देने वाली महिला की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी और प्राप्त सूचना पर त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस के अनुसार कई बार महिलाएं संकोच या झिझक के कारण अपने आसपास होने वाली आपराधिक गतिविधियों की जानकारी पुलिस को नहीं दे पातीं। इसी को ध्यान में रखते हुए महिला पुलिस अधिकारी के माध्यम से हेल्पलाइन शुरू की गई है।
सेफ सिटी अभियान को मिलेगी मजबूती
हनुमानगढ़ पुलिस के “सेफ सिटी अभियान” के तहत पुलिस की विशेष बाइक पेट्रोलिंग टीमें सुनसान स्थानों, खंडहर भवनों, खाली भू-भागों, कचरा डंपिंग स्थलों सहित उन स्थानों पर लगातार निगरानी और कार्रवाई कर रही हैं, जहां नशे या अन्य आपराधिक गतिविधियों की सूचना मिलती है। नई हेल्पलाइन से महिलाओं की सहभागिता बढ़ने के साथ अभियान को और मजबूती मिलने की उम्मीद है। कार्यक्रम में महिलाओं को राजकॉप सिटीजन ऐप, SOS फीचर, कालिका पेट्रोलिंग यूनिट, महिला सुरक्षा संबंधी कानूनी प्रावधानों और साइबर अपराधों से बचाव की जानकारी भी दी गई। साथ ही आत्मरक्षा प्रशिक्षण और महिला जागरूकता कार्यक्रमों के बारे में बताया गया।
जागरूकता रैली को दिखाई हरी झंडी
कार्यक्रम के समापन पर उप महानिरीक्षक पुलिस श्वेता धनकड़, एसपी बी. आदित्य और वृत्ताधिकारी हनुमानगढ़ श्रीमती मीनाक्षी ने महिला सुरक्षा संकल्प जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली जिला पुलिस लाइन से शुरू होकर शहर के प्रमुख मार्गों, चौराहों और बाजारों से होते हुए भगत सिंह चौक पहुंची। रैली में महिला सुरक्षा, नशामुक्त समाज और अपराध रोकथाम का संदेश दिया गया। एसपी बी. आदित्य ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा, जागरूकता और सहभागिता पुलिस की प्राथमिकता है। उन्होंने महिलाओं से अपील की कि वे बिना भय और संकोच के 8764876051 पर मिस्ड कॉल, कॉल या व्हाट्सऐप के माध्यम से नशे एवं अन्य आपराधिक गतिविधियों की सूचना दें। उन्होंने कहा कि सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी और हर सूचना पर त्वरित कार्रवाई की जाएगी। कार्यक्रम में महिला थाना प्रभारी चन्द्रकला,गोलूवाला थाना प्रभारी रजनदीप कौर, कालिका यूनिट, महिला पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी, स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधि, सीएलजी सदस्य और बड़ी संख्या में महिलाएं मौजूद रहीं।