रतलाम हादसे के बाद निवाड़ी में प्रशासन रहा सतर्क, पुलिस व बिजली विभाग की निगरानी में निकाले गए मुहर्रम के ताजिए
निवाड़ी, 26 जून 2026
कमल सोनी, निवाड़ी
रतलाम में ताजिया जुलूस के दौरान हुई हृदय विदारक घटना के बाद पूरे मध्य प्रदेश में प्रशासन द्वारा विशेष सतर्कता बरती जा रही है। इसी क्रम में निवाड़ी नगर में मुहर्रम के अवसर पर निकाले गए ताजियों के दौरान सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए। पुलिस प्रशासन एवं बिजली विभाग की संयुक्त निगरानी में ताजिया जुलूस शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।
शुक्रवार शाम से ही मुस्लिम समुदाय द्वारा पारंपरिक रूप से ताजिया जुलूस निकाला गया। इस दौरान नगर में भाईचारे और सामाजिक सद्भाव की अनूठी मिसाल देखने को मिली। विभिन्न स्थानों पर हिंदू समाज के लोगों द्वारा ताजिया जुलूस का स्वागत किया गया तथा रेवड़ी एवं फातेहा की व्यवस्था कर आपसी प्रेम और एकता का संदेश दिया गया।
रतलाम की घटना को ध्यान में रखते हुए निवाड़ी कोतवाली प्रभारी बलजीत सिंह स्वयं पुलिस बल के साथ पूरे समय मौके पर मौजूद रहे। जुलूस मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था की लगातार निगरानी की गई, जिससे किसी प्रकार की अप्रिय घटना की संभावना न रहे।
वहीं बिजली विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी विशेष सतर्कता बरती। जिन स्थानों पर विद्युत लाइनें अपेक्षाकृत नीचे थीं, वहां एहतियात के तौर पर अस्थायी रूप से विद्युत आपूर्ति बंद कराई गई। ताजियों के सुरक्षित रूप से गुजर जाने के बाद संबंधित क्षेत्रों में तुरंत बिजली आपूर्ति पुनः बहाल कर दी गई। प्रशासन की इस सक्रियता के चलते जुलूस पूरी तरह सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ।
ताजिया जुलूस के दौरान नगर में शांति, अनुशासन एवं आपसी सौहार्द का वातावरण बना रहा। देर रात तक ताजिया विसर्जन का कार्यक्रम चलता रहा, जो शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन, पुलिस एवं बिजली विभाग द्वारा किए गए सुरक्षा प्रबंधों की सराहना की।
#nonfollowersviewersfollowers
#JansamparkMP
Niwari, Niwari | Jun 27, 2026