➡️ सामाजिक समरसता संकल्प अभियान: गढ़ाकोटा में धूमधाम से मनी संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की 650वीं जयंती
सामाजिक समरसता संकल्प अभियान के अंतर्गत संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की 650वीं जयंती गढ़ाकोटा में बड़े ही धूमधाम एवं श्रद्धा के साथ मनाई गई।
प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर पूरे प्रदेश में संत रविदास जी की समरसता संकल्प यात्रा निकाली जा रही है। इसी क्रम में यह यात्रा सागर जिले के रहली विधानसभा क्षेत्र के गढ़ाकोटा पहुंची। यात्रा के दौरान पालकी में विराजमान संत रविदास जी के ग्रंथ की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई। तत्पश्चात नटराज ऑडिटोरियम गढ़ाकोटा में मुख्य कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मध्यप्रदेश शासन के पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं क्षेत्रीय विधायक श्री गोपाल भार्गव रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में देवरी विधानसभा क्षेत्र के विधायक श्री बृज बिहारी पटेरिया भी इस समरसता यात्रा संकल्प अभियान के कार्यक्रम में शामिल हुए। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में आमजन एवं
संत रविदास जी के अनुयायी शामिल हुए। संत पूजन के बाद संतों ने संत रविदास जी के बताए मार्ग पर चलने का आह्वान किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि विधायक श्री गोपाल भार्गव ने संत रविदास जी के जीवन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि संत रविदास जी एक समाज के नहीं, सभी समाजों के संत हैं। संत किसी एक जाति का नहीं होता। उन्होंने कहा कि संत रविदास जी का जीवन दर्शन सभी को पढ़ना चाहिए और उनके बताए मार्ग पर चलना चाहिए। समरसता यात्रा को लेकर उन्होंने कहा कि संत रविदास जी के सपनों को साकार करने के लिए यह समरसता यात्रा निकाली जा रही है। उन्होंने कहा कि सभी समाज के लोगों को जातिवाद जैसी प्रथा को बंद करना चाहिए। हम सभी एक हैं, यहां सिर्फ एक ही जाति है वह है मानवता। व्यक्ति कर्म से महान होता है, जाति से महान नहीं होता।
विशिष्ट अतिथि देवरी विधायक श्री बृज बिहारी पटेरिया ने भी संत रविदास जी के जीवन दर्शन पर प्रकाश डाला और उनके बताए मार्ग पर चलने की बात कही।
इस अवसर पर श्रीमती रानी पटेल, जनपद अध्यक्ष प्रतिनिधि श्री सुरेश कपस्या, नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि श्री मनोज तिवारी, एसडीएम श्री कुलदीप पाराशर सहित बड़ी संख्या में संत समाज, जनप्रतिनिधि एवं संत रविदास जी के अनुयाई उपस्थित रहे।
CM Madhya Pradesh Dr Mohan Yadav Jansampark Madhya Pradesh #JansamparkMP #sagar