*चक्रवाती तूफान को लेकर पट्टी में प्रशासन सतर्क, लाउडस्पीकर से दी गई चेतावनी*
पट्टी। बंगाल की खाड़ी में उठे चक्रवाती तूफान ‘अर्णव’ को लेकर पट्टी नगर में प्रशासन ने लोगों को सतर्क रहने की अपील की। बुधवार को एसडीएम सुनील कुमार के नेतृत्व में प्रशासनिक टीम ने नगर के प्रमुख मार्गों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में भ्रमण कर लाउडस्पीकर के जरिए लोगों को मौसम में संभावित बदलाव के प्रति जागरूक किया।
इस दौरान नगर पंचायत अध्यक्ष अशोक जायसवाल, तहसीलदार, पुलिसकर्मी और अन्य कर्मचारी मौजूद रहे। टीम ने बाईपास, मेन रोड, चौक, सिविल लाइन और ढकवा मोड़ सहित विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचकर लोगों को सावधानी बरतने की जानकारी दी।
अधिकारियों ने लोगों से तेज हवा और बारिश के दौरान अनावश्यक रूप से घरों से बाहर नहीं निकलने तथा जर्जर मकानों, कमजोर दीवारों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की अपील की। साथ ही लटकते बिजली के तारों से बचने और प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने को कहा।
प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और किसी भी आपात स्थिति में संबंधित विभाग को सूचना देने की अपील की। अभियान के जरिए नागरिकों को संभावित मौसमी खतरे से बचाव के प्रति जागरूक किया गया।
Pratapgarh, Pratapgarh | Oct 29, 2026