जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक आयोजित
आगामी त्यौहारों एवं पर्वों के दौरान कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने को लेकर हुई विस्तृत चर्चा।
दैनिक वीरधरा राजस्थान।
चित्तौड़गढ़। जिले में आगामी त्यौहारों एवं पर्वों के मद्देनजर गुरुवार को जिला ग्रामीण विकास अभिकरण के सभागार, कलेक्ट्रेट परिसर चित्तौड़गढ़ में जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक आयोजित की गई।
बैठक जिला कलेक्टर डॉ. मंजू की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गजेन्द्र सिंह जोधा सहित पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी तथा जिला स्तरीय शांति समिति के सदस्य उपस्थित रहे।
बैठक में आगामी त्यौहारों एवं पर्वों के दौरान जिले में कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
जिला कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने सभी अधिकारियों एवं शांति समिति के सदस्यों से आपसी सौहार्द, भाईचारा एवं शांति बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की। साथ ही आगामी त्यौहारों के दौरान आवश्यक सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्थाओं को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए।
बैठक में अधिकारियों ने सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली अफवाहों एवं भ्रामक सूचनाओं से सावधान रहने तथा किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि अथवा कानून-व्यवस्था से संबंधित सूचना तत्काल पुलिस एवं प्रशासन को देने की अपील की।
शांति समिति के सदस्यों ने जिले में शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने के लिए पुलिस एवं प्रशासन को पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।