मिंजर मेले की जलेबी, मोमोज और बिरयानी पर विभाग की 'तीखी नजर'! 46 सैंपल लैब भेजे, 3 पहले ही फेल
सुरेंद्र ठाकुर | चंबा | 06 अगस्त 2026
अंतर्राष्ट्रीय मिंजर मेले में जहां हजारों लोग स्वादिष्ट व्यंजनों का आनंद ले रहे हैं, वहीं खाद्य सुरक्षा एवं स्वास्थ्य विभाग ने मिलावटी और घटिया खाद्य पदार्थ बेचने वालों की नींद उड़ा दी है। विभाग ने मेले में चल रहे विशेष अभियान के तहत 46 खाद्य पदार्थों के सैंपल जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिए हैं, जबकि पहले जांचे गए 3 सैंपल मानकों पर फेल पाए गए हैं।
इस कार्रवाई के दौरान चावल, बिरयानी, चिकन, मोमोज, जलेबी, बर्फी, पकौड़े, चटनी, बिस्कुट और रस्क सहित कई खाद्य पदार्थों के नमूने एकत्र कर सीटीएल कंडाघाट भेजे गए हैं। रिपोर्ट आने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत दोषियों पर कार्रवाई होगी।
विभाग के अनुसार, पहले जांचे गए सैंपलों में एक बर्फी का सैंपल सब-स्टैंडर्ड मिला, जिसमें तय मानकों से कम फैट पाया गया। वहीं बादाम शेक का सैंपल असुरक्षित घोषित हुआ, क्योंकि उसमें निर्धारित सीमा से अधिक कृत्रिम रंगों का इस्तेमाल किया गया था।
खाद्य सुरक्षा विंग के सहायक आयुक्त दीपक आनंद ने कहा कि मेले के दौरान निरीक्षण अभियान लगातार जारी रहेगा और खाद्य गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने लोगों से अत्यधिक रंगयुक्त या संदिग्ध खाद्य पदार्थों से बचने और किसी भी शिकायत की स्थिति में विभाग को तुरंत सूचना देने की अपील की।
मिंजर मेले में हर दिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक पहुंच रहे हैं। ऐसे में सुरक्षित और शुद्ध भोजन उपलब्ध कराना प्रशासन की सबसे बड़ी प्राथमिकताओं में शामिल है। अब सभी की नजरें लैब रिपोर्ट पर हैं, जिसके बाद दोषी विक्रेताओं पर सख्त कार्रवाई तय मानी जा रही है।
#MinjarMela2026 #Chamba #FoodSafety #FoodDepartment #FoodSamples #FoodTesting #HealthDepartment #FoodSafetyStandards #SafeFood #MinjarMela #ChambaNews #HimachalNews #BreakingNews #PangiLiveNews #SurenderThakur #HimachalPradesh #PublicHealth #FoodInspection #LatestNews
Chamba, Chamba | Aug 6, 2026