गांव अहरवां में स्कूटी की टक्कर से युवक घायल, अस्पताल में भर्ती,पुलिस को दी शिकायत
जिले के गांव अहरवां में स्कूटी की टक्कर लगने से एक व्यक्ति के घायल होने का मामला सामने आया है। घायल का इलाज फतेहाबाद के नागरिक अस्पताल में चल रहा है। पीड़ित ने घटना की शिकायत पुलिस को देकर कार्रवाई की मांग की है।
घायल हरविंदर सिंह निवासी गांव अहरवां ने बताया कि बुधवार शाम वह गांव के बस स्टैंड के पास दवाई लेने गया था। जब वह अपनी बाइक खड़ी कर रहा था, तभी गांव का ही युवक गोपी स्कूटी पर सवार होकर वहां पहुंचा और कथित तौर पर उसकी टांग में स्कूटी मार दी। इसके बाद दोनों के बीच कहासुनी और झगड़ा हो गया।
हरविंदर सिंह का आरोप है कि उसकी किसी से कोई पुरानी रंजिश नहीं है। उसने आरोप लगाया कि युवक नशे की हालत में था और उसी दौरान उसने लापरवाही से स्कूटी उसके पैर में मार दी, जिससे उसके पैर में गंभीर चोट आई। घायल को उपचार के लिए फतेहाबाद के नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है। पीड़ित ने मामले की शिकायत पुलिस को सौंपते हुए आरोपी के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई की मांग की है।