मेहरौना पुल मूर्ति विसर्जन स्थल का डीएम-एसपी ने किया निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश
Deoria Post
#देवरिया, 19 अक्टूबर। दुर्गा प्रतिमा विसर्जन को शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन सतर्क है। इसी क्रम में जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी और पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर ने सोमवार को लार थाना क्षेत्र के मेहरौना पुल स्थित मूर्ति विसर्जन स्थल का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने विसर्जन स्थल पर सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण और श्रद्धालुओं की सुविधा से जुड़ी व्यवस्थाओं की समीक्षा की। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि विसर्जन स्थल पर नाव, गोताखोर और बैरिकेडिंग की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।
उन्होंने जल में सुरक्षा के आवश्यक इंतजाम करने के साथ ही भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरतने पर जोर दिया। साथ ही संबंधित अधिकारियों और पुलिसकर्मियों को आपसी समन्वय के साथ जिम्मेदारियों का निर्वहन करने तथा शासन-प्रशासन के दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन कराने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि मूर्ति विसर्जन कार्यक्रम को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी सलेमपुर क्षितिज द्विवेदी सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
DM Deoria
देवरिया पोस्ट | सच के साथ, आपके साथ