पथरदेवा में दो दिवसीय क्षेत्रीय किसान मेले का समापन, किसानों को मिले कृषि यंत्र और बीज
#देवरिया, 18 अक्टूबर। जनपद देवरिया के पथरदेवा स्थित आचार्य नरेंद्र देव इंटर कॉलेज में आयोजित दो दिवसीय क्षेत्रीय किसान मेले का समापन हो गया। कृषि सूचना तंत्र सुदृढ़ीकरण एवं कृषक जागरूकता कार्यक्रम के तहत आयोजित इस मेले में किसानों को आधुनिक खेती, फसल उत्पादन बढ़ाने की तकनीकों और विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रदेश के कृषि, कृषि शिक्षा एवं कृषि अनुसंधान मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने की। इफको के चेयरमैन दिलीप संघानी मुख्य अतिथि तथा परिवहन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर सिंह विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
खेत बचाओ अभियान और आधुनिक खेती पर जोर
कार्यक्रम में कृषि निदेशक, उत्तर प्रदेश डॉ. टी.एम. त्रिपाठी ने एक नवंबर से शुरू होने वाले खेत बचाओ अभियान के संबंध में किसानों को जानकारी दी। उन्होंने कृषि क्षेत्र से जुड़ी नवीन तकनीकों और खेती को बेहतर बनाने के उपायों से भी अवगत कराया।
केवीके बस्ती के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. एस.के. तोमर ने तिलहनी फसलों की उत्पादकता बढ़ाने के लिए महत्वपूर्ण सुझाव दिए। वहीं, केवीके मल्हना, भाटपाररानी के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. मान्धाता सिंह ने रबी 2026 की फसलों का उत्पादन बढ़ाने के लिए नवीन तकनीकों और उन्नत कृषि विधियों की जानकारी दी।
20 से अधिक विभागों ने लगाए स्टॉल
किसान मेले में उद्यान, गन्ना, मत्स्य पालन, पशुपालन और स्वास्थ्य विभाग समेत 20 से अधिक विभागों ने स्टॉल लगाए। इनके माध्यम से किसानों को सरकारी योजनाओं, कृषि तकनीकों और विभागीय सुविधाओं की जानकारी दी गई। स्वास्थ्य विभाग की ओर से स्वास्थ्य शिविर भी आयोजित किया गया।
इसके अतिरिक्त केवीके महराजगंज, केवीके बेलीपार गोरखपुर, केवीके संतकबीरनगर और केवीके आजमगढ़ के कृषि वैज्ञानिकों ने स्टॉलों के माध्यम से किसानों की कृषि संबंधी जिज्ञासाओं का समाधान किया।
किसानों को बांटे गए कृषि यंत्र और बीज किट
मेले के दौरान कृषि विभाग ने मैकेनाइजेशन एवं इन-सीटू योजनाओं के अंतर्गत किसानों को विभिन्न प्रकार के कृषि यंत्र वितरित किए। वहीं, कृषि विभाग, इफको और नूजीवीडू कंपनी की ओर से किसानों को सरसों एवं सब्जियों के मिनी किट निःशुल्क उपलब्ध कराए गए।
कार्यक्रम में कृषि निदेशालय और विभिन्न कृषि विज्ञान केंद्रों के अधिकारियों एवं वैज्ञानिकों के साथ मुख्य विकास अधिकारी, देवरिया, उप कृषि निदेशक, जिला कृषि अधिकारी तथा कृषि विभाग के अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
दो दिवसीय क्षेत्रीय किसान मेले का समापन कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने किया। मेले का उद्देश्य किसानों तक आधुनिक कृषि तकनीकों, उन्नत बीजों और सरकारी योजनाओं की जानकारी पहुंचाकर खेती को अधिक उत्पादक बनाने के प्रति जागरूक करना रहा।
Surya Pratap Shahi