रेलवे अंडरपास में जलजमाव के स्थायी समाधान को लेकर डीएम ने किया स्थल निरीक्षण; जल निकासी और अतिक्रमण हटाने के दिए निर्देश
जहानाबाद। राजा बाजार स्थित रेलवे अंडरपास में जलजमाव की समस्या के स्थायी समाधान को लेकर जिला पदाधिकारी छिरिङ वाई भूटिया ने शुक्रवार को स्थल निरीक्षण किया। इस दौरान नगर परिषद द्वारा कराए जा रहे नाला निर्माण एवं जल निकासी संबंधी कार्यों की समीक्षा करते हुए संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने रेलवे अंडरपास के नाले में जगह-जगह बने चेक वॉल की उड़ाही और समुचित साफ-सफाई कराने का निर्देश नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी को दिया। उन्होंने कहा कि जब तक जलजमाव की समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो जाता, तब तक मोटर के माध्यम से पानी की निकासी सुनिश्चित की जाए, ताकि आम लोगों को आवागमन में परेशानी नहीं हो।
डीएम ने राजा बाजार रेलवे अंडरपास के समीप जाम की समस्या का भी जायजा लिया। उन्होंने यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने तथा आमजनों को जाम से राहत दिलाने के लिए नियमित रूप से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
एनएच-110 जहानाबाद-अरवल मार्ग पर रेलवे अंडरपास के समीप निर्मित नाली को आवश्यकतानुसार चौड़ा करने का निर्देश संबंधित कार्यपालक अभियंता को दिया गया। इससे नाली की जल निकासी क्षमता बढ़ाने के साथ पानी का निर्बाध बहाव सुनिश्चित किया जा सकेगा।
डीएम ने पथ निर्माण विभाग एवं बुडको के पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि नाला निर्माण, उड़ाही एवं साफ-सफाई के बाद भी यदि जलजमाव की समस्या बनी रहती है, तो तकनीकी पहलुओं का आकलन कर स्थायी समाधान के लिए विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन (डीपीआर) तैयार किया जाए। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान अनुमंडल पदाधिकारी, जहानाबाद, कार्यपालक पदाधिकारी नगर परिषद, कार्यपालक अभियंता बुडको, कार्यपालक अभियंता एनएच-110 सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं सहायक अभियंता मौजूद रहे।