गांधी जयंती परेड में पुलिसकर्मियों को पदक व प्रशस्ति पत्र से किया सम्मानित
#बरेली। गांधी जयंती के अवसर पर बुधवार को रिजर्व पुलिस लाइन बरेली स्थित क्वार्टर गार्ड पर कार्यक्रम आयोजित किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इसके बाद पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों ने पुष्पांजलि अर्पित की और राष्ट्रीय सलामी के बाद पुलिसकर्मियों को शपथ दिलाई गई।
कार्यक्रम के दौरान उत्कृष्ट सेवाओं के लिए पुलिसकर्मियों को पदक, प्रशस्ति पत्र और नगद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। यातायात पुलिस के उ0नि0 कमलेश कुमार को अति उत्कृष्ट सेवा पदक, अंगूठा छाप प्रकोष्ठ के मुख्य आरक्षी नंद किशोर दिवाकर तथा क्षेत्र फरीदपुर के मु0आ0 मनवीर सिंह को उत्कृष्ट सेवा पदक प्रदान किया गया।
थाना शाही के आरक्षी सरफराज अहमद और यूपी-112 के आरक्षी शेखर वर्मा को महिलाओं की हत्या के अनावरण तथा सीरियल किलर की गिरफ्तारी में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के लिए मुख्यमंत्री का प्रशस्ति पत्र और 25-25 हजार रुपये का नगद पुरस्कार प्रदान किया गया।
इसके अलावा एसएसपी ने जनपद में नियुक्त 15 चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को कंबल, फल और मिठाई वितरित कर सम्मानित किया। कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों और विभिन्न शाखाओं के कर्मचारी मौजूद रहे। मंच का संचालन क्षेत्राधिकारी लाइन शिवम आशुतोष सिंह ने किया।
Bareilly news Live
#Bareillypolice
#SSPBareilly