प्रेस विज्ञप्ति
गया जी।05 अक्टूबर 2026
पितृपक्ष मेला 2026 के 10वें दिन डीएम ने विष्णुपद क्षेत्र का किया निरीक्षण
श्रद्धालुओं की सुविधा, भीड़ नियंत्रण, स्वच्छता एवं सुरक्षा व्यवस्था को लेकर दिए आवश्यक निर्देश
गया जी, 05 अक्टूबर 2026, पितृपक्ष मेला 2026 के अवसर पर आज मेला के 10वें दिन जिला पदाधिकारी गया श्री शशांक शुभांकर जी ने विष्णुपद मंदिर एवं आसपास के मेला क्षेत्र का भ्रमण कर श्रद्धालुओं के लिए की गई व्यवस्थाओं का विस्तृत जायजा लिया। उन्होंने विभिन्न पिंडवेदी स्थलों, घाटों, मंदिर परिसर, कंट्रोल रूम, मेडिकल कैंप सहित अन्य महत्वपूर्ण स्थलों का निरीक्षण करते हुए संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा एवं सुगम दर्शन को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का निर्देश दिया।
जिला पदाधिकारी ने विष्णुपद मंदिर के बाहरी परिसर, गर्भगृह, मंदिर परिसर के निकास द्वार, घाट क्षेत्र, श्मशान घाट क्षेत्र, गया कूप वेदी स्थल, संवास सदन स्थित कंट्रोल रूम एवं मेडिकल कैंप सहित अन्य स्थानों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों से भीड़ की स्थिति, श्रद्धालुओं के आवागमन, साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था, चिकित्सा सुविधा एवं अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
वृद्ध महिला श्रद्धालु को डीएम ने स्वयं दिया सहारा
निरीक्षण के दौरान विष्णुपद मंदिर के निकास द्वार के समीप मध्य प्रदेश से आई एक वृद्ध महिला श्रद्धालु भीड़ के कारण असहज महसूस कर रही थीं। जिला पदाधिकारी ने मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देते हुए स्वयं उनके पास पहुंचकर उन्हें अपने हाथों से सहारा दिया तथा सुरक्षित रूप से मंदिर परिसर से बाहर बैठाया। उन्होंने वृद्ध महिला को पानी पिलाया तथा उनका हाल-चाल जाना।
जिला पदाधिकारी ने तत्काल मौके पर तैनात मेडिकल टीम को वृद्ध महिला की स्वास्थ्य जांच करने तथा आवश्यकतानुसार ग्लूकोज एवं दवाइयां उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। वृद्ध महिला श्रद्धालु ने राज्य सरकार द्वारा की गई व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए कहा कि पितृपक्ष मेला में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए राज्य सरकार एवं जिला प्रशासन द्वारा हर क्षेत्र में काफी उत्तम व्यवस्था की गई है।
श्रद्धालुओं को सहारा देकर सुरक्षित दर्शन कराने का निर्देश
जिला पदाधिकारी ने विष्णुपद मंदिर के गर्भगृह में लगे लाइव सीसीटीवी फुटेज के माध्यम से भीड़ की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि गर्भगृह एवं निकास द्वार पर भीड़ का निरंतर अनुश्रवण करते हुए श्रद्धालुओं को व्यवस्थित एवं सुरक्षित तरीके से दर्शन कराया जाए।
उन्होंने विशेष रूप से बुजुर्ग, महिला एवं असहाय श्रद्धालुओं पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि दर्शन के बाद श्रद्धालुओं को भीड़ के बीच धक्का-मुक्की से बचाते हुए आवश्यकता पड़ने पर हाथ पकड़कर अथवा सहारा देकर सुरक्षित रूप से निकास द्वार तक पहुंचाया जाए। किसी भी श्रद्धालु को फिसलन अथवा अन्य कारणों से परेशानी न हो, इसके लिए कर्मियों को पूरी तत्परता एवं श्रद्धा भाव से सेवा करने का निर्देश दिया गया।
पिंडवेदी एवं घाटों की सफाई व्यवस्था और बेहतर करने का निर्देश
निरीक्षण के दौरान जिला पदाधिकारी ने मेला क्षेत्र के सभी पिंडवेदी स्थलों पर साफ-सफाई व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी पिंडवेदी स्थलों की नियमित एवं प्रभावी सफाई सुनिश्चित करें। जहां कहीं भी गंदगी अथवा कचरा दिखाई दे, वहां तत्काल सफाई कराई जाए।
उन्होंने घाट एवं नदी क्षेत्र में भी निरंतर सफाई अभियान चलाने का निर्देश दिया। पिंडदान के दौरान नदी में प्रवाहित होने वाली पूजन सामग्री को लगातार जाल/छनाई व्यवस्था के माध्यम से बाहर निकालने तथा नदी को स्वच्छ रखने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि श्रद्धालुओं की धार्मिक आस्था के साथ-साथ घाट एवं नदी की स्वच्छता का भी विशेष ध्यान रखा जाए।
कंट्रोल रूम से व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी
जिला पदाधिकारी ने संवास सदन स्थित कंट्रोल रूम का भी निरीक्षण किया। उन्होंने वहां से मेला क्षेत्र की गतिविधियों, भीड़ की स्थिति एवं विभिन्न स्थलों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने कंट्रोल रूम में प्राप्त होने वाली सूचनाओं एवं शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि मेला क्षेत्र में आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु को सुरक्षित, सुगम एवं सम्मानजनक वातावरण उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी स्तर पर श्रद्धालुओं को असुविधा न हो, इसके लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ पूरी तत्परता से कार्य करें।
श्मशान घाट क्षेत्र में अनावश्यक वाहनों के पड़ाव पर रोक
निरीक्षण के क्रम में जिला पदाधिकारी ने श्मशान घाट के समीप स्थित वीआईपी पार्किंग स्थल का भी निरीक्षण किया। उन्होंने निर्देश दिया कि इस क्षेत्र में अनावश्यक वाहनों का पड़ाव नहीं कराया जाए। श्रद्धालुओं की भीड़ एवं पैदल आवागमन को ध्यान में रखते हुए वाहनों को निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही भेजा जाए।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि पार्किंग व्यवस्था को व्यवस्थित रखें तथा ऐसे किसी भी वाहन को मेला क्षेत्र अथवा भीड़भाड़ वाले स्थानों पर अनावश्यक रूप से रुकने की अनुमति नहीं दी जाए, जिससे श्रद्धालुओं के आवागमन में बाधा उत्पन्न हो।
जिला पदाधिकारी ने कहा कि पितृपक्ष मेला में देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु गया जी पहुंच रहे हैं। ऐसे में प्रशासन का दायित्व है कि सभी श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधा, सुरक्षित वातावरण, सुगम दर्शन एवं स्वच्छ मेला क्षेत्र उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने सभी प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों एवं कर्मियों को पूरी संवेदनशीलता, समर्पण एवं सेवा भाव के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का निर्देश दिया।
CMO Bihar Samrat Choudhary Information & Public Relations Department, Government of Bihar DD News Bihar PMO India Home Department, Govt. of Bihar All India Radio News पितृपक्ष महासंगम Department of Tourism, Government of Bihar GAYA Police Ministry of Tourism, Government of India Art, Culture and Youth Department, Government of Bihar
#gaya #bihar #GoodGovernance #changemakers
Gaya, Bihar | Oct 5, 2026