मुरैना में भाजपा महिला मोर्चा ने राहुल गांधी का पुतला फूंका, बिमोल अकोइजम मामले में कांग्रेस को घेरा
महिला मोर्चा ने कांग्रेस नेतृत्व की जवाबदेही पर उठाए सवाल, संबंधित सांसद के इस्तीफे की मांग
मुरैना। भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा ने मणिपुर से कांग्रेस सांसद एवं जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) के प्रोफेसर डॉ. बिमोल अकोइजम से जुड़े मामले को लेकर मुरैना के हनुमान चौराहे पर प्रदर्शन किया। इस दौरान महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी का पुतला दहन कर कांग्रेस नेतृत्व के खिलाफ नाराजगी जाहिर की। प्रदर्शनकारियों ने मामले में कांग्रेस नेतृत्व की जवाबदेही तय करने और अपना रुख स्पष्ट करने की मांग की।
भाजपा महिला मोर्चा की जिला महामंत्री राधिका तोमर ने कहा कि राहुल गांधी एक ओर नारी सशक्तिकरण और महिलाओं के सम्मान की बात करते हैं, वहीं दूसरी ओर इस मामले में उनकी चुप्पी सवाल खड़े करती है। उन्होंने आरोप लगाया कि महिलाओं के सम्मान के मुद्दे पर कांग्रेस का रवैया दोहरे मापदंड को दर्शाता है।
राधिका तोमर ने राहुल गांधी से सवाल करते हुए कहा कि यदि कांग्रेस महिलाओं के सम्मान और अधिकारों के प्रति गंभीर है, तो संबंधित सांसद के विरुद्ध कार्रवाई की मांग क्यों नहीं की जा रही है? उन्होंने सांसद के इस्तीफे की मांग करते हुए कहा कि नारी सम्मान और सशक्तिकरण केवल भाषणों तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि राजनीतिक दलों के आचरण में भी दिखाई देना चाहिए।
उन्होंने कहा कि महिलाओं की गरिमा और सम्मान से जुड़े मामलों में राजनीतिक नेतृत्व की जवाबदेही तय होनी चाहिए। कांग्रेस को इस मामले में अपना पक्ष स्पष्ट करना चाहिए।
ये पदाधिकारी रहे मौजूद
प्रदर्शन के दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष कमलेश कुशवाह, प्रदेश मंत्री रीना दंडोतिया, महापौर शारदा सोलंकी, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष रीना शर्मा, जिला महामंत्री राधिका तोमर एवं निधि गुप्ता सहित कल्पना सेंगर, बिट्टी खटीक, तृप्ति कुलश्रेष्ठ और अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
#morena #मुरैना #भाजपा #कांग्रेस