चित्रकूट: पहाड़ी कस्बे में लगा भीषण जाम, करीब एक किलोमीटर तक वाहनों की लंबी कतार
नवरात्र से पहले माता रानी की प्रतिमाएं ले जाने उमड़े लोग, जाम खुलवाने में जुटी पहाड़ी पुलिस
पहाड़ी, चित्रकूट। पहाड़ी कस्बे में आज माता रानी की प्रतिमाओं को लेकर अपने-अपने पूजा पंडालों की ओर जा रहे लोगों की भीड़ के चलते भीषण जाम लग गया। नवरात्र के प्रारंभ से एक दिन पहले और अमावस्या के अवसर पर कस्बे में श्रद्धालुओं की आवाजाही बढ़ने से करीब एक किलोमीटर तक वाहनों की लंबी कतार लग गई। जाम में फंसे लोगों को आवागमन में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
जाम की सूचना और स्थिति को देखते हुए पहाड़ी थाने की पुलिस सहित प्रशासनिक अमला मौके पर जुटा रहा। पुलिसकर्मी यातायात को सुचारु कराने और लोगों को जाम से निजात दिलाने के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं। त्योहार के मद्देनजर कस्बे में यातायात व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन के लिए चुनौती बना हुआ है।