सावन में लखनपुर ग़ांव के लोगों को मिली नई सौगात: नवनिर्मित शिव मंदिर का हुआ उद्घाटन
24 घंटे अखंड कीर्तन के बाद प्राण-प्रतिष्ठा, समाजसेवी भोला सिंह ने कराया निर्माण
औरंगाबाद जिला के मदनपुर प्रखंड की ग्राम पंचायत सलैया अंतर्गत ग्राम लखनपुर को सावन की पहली सोमवारी पर शिव मंदिर की सौगात मिली। नवनिर्मित शिव मंदिर में स्थापित शिवलिंग की प्राण-प्रतिष्ठा सोमवार को वैदिक मंत्रोच्चार एवं 24 घंटे के अखंड कीर्तन के समापन के साथ संपन्न हुई।
यह मंदिर ग्रामीणों की मांग पर समाजसेवी देवेन्द्र कुमार सिंह उर्फ भोला सिंह द्वारा बनवाया गया है। भोला सिंह ने कहा कि "गांव के लोगों को पूजा के लिए एक किमी से अधिक दूर जाना पड़ता था। सनातन धर्म के प्रचार और लोगों की सुविधा के लिए मैंने अपने स्तर से इस मंदिर का निर्माण कराया है।
मंदिर में शिवलिंग के साथ नंदी भगवान, माता पार्वती, भगवान गणेश एवं कार्तिकेय की मूर्तियां स्थापित की गई हैं। प्राण-प्रतिष्ठा के बाद आयोजित भव्य भंडारे में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
कार्यक्रम में बीडीओ दीपक कुमार, पंचायती राज पदाधिकारी विनोद कुमार वर्मा, ग्राम पंचायत सलैया के मुखिया मनोज कुमार चौधरी, उपमुखिया अशोक कुमार गुप्ता एवं वार्ड सचिव विश्वजीत कुमार गुप्ता उपस्थित रहे। बीडीओ एवं बीपीआरओ ने श्रद्धालुओं को बीच अपने हाथों से प्रसाद वितरित किया।