नीट पेपर लीक, महंगाई और बेरोजगारी के खिलाफ कांग्रेस का प्रदर्शन,केंद्र सरकार का फूंका पुतला,
शिवहर:नीट पेपर लीक, बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार के विरोध में शिवहर कांग्रेस ने रविवार को शहर के जीरो माइल पर जोरदार प्रदर्शन किया। जिलाध्यक्ष वअधिवक्ता अफरोज आलम के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए पुतला दहन किया और युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने का आरोप लगाया।
प्रदर्शन को संबोधित करते हुए कांग्रेस जिलाध्यक्ष व अधिवक्ता अफरोज आलम ने कहा कि लगातार हो रहे पेपर लीक की घटनाओं ने देश के लाखों छात्रों और युवाओं के सपनों को तोड़ दिया है। उन्होंने कहा कि सरकार की लापरवाही और विफलताओं के कारण प्रतियोगी परीक्षाओं की विश्वसनीयता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। उन्होंने शिक्षा मंत्री से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देने की मांग की।
अफरोज आलम ने कहा कि जब तक युवाओं को न्याय नहीं मिलता, कांग्रेस का संघर्ष जारी रहेगा। उन्होंने जिले में खाद और बीज वितरण में अनियमितता का आरोप लगाते हुए कहा कि पर्याप्त स्टॉक होने के बावजूद किसानों को खाद और बीज नहीं मिल रहा है, जिससे कालाबाजारी की आशंका बढ़ गई है। उन्होंने जिला प्रशासन से यूरिया, डीएपी और बीज के स्टॉक की जांच कर किसानों को समय पर उपलब्ध कराने की मांग की।
वहीं, वरिष्ठ कांग्रेसी नेता एवं जिला उपाध्यक्ष वसिष्ठ राउत ने कहा कि लगातार हो रहे पेपर लीक से लाखों युवाओं का भविष्य अंधकारमय हो रहा है और प्रतिभाशाली छात्र मानसिक तनाव झेलने को मजबूर हैं। उन्होंने महंगाई और बेरोजगारी के मुद्दे पर केंद्र सरकार को घेरते हुए कहा कि सरकार सभी मोर्चों पर विफल साबित हुई है।
प्रदर्शन में कोषाध्यक्ष मो. सद्दाम हुसैन, मो. मुर्तुजा, प्रभात रंजन, मोजिबुल अंसारी, गगनदेव राम, मोइनुल हक, विनोद साह और इनामुल हक सहित कई कांग्रेसी कार्यकर्ता मौजूद थे।