जिलाधिकारी, मुजफ्फरपुर श्री कुमार गौरव ने समाहरणालय सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा करते हुए सभी संबंधित अधिकारियों को अभियान को व्यापक स्तर पर संचालित करने तथा अधिकतम जन-भागीदारी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि यह केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि राष्ट्रभक्ति, राष्ट्रीय एकता और जनसहभागिता का महाअभियान है, जिसे जन-आंदोलन के रूप में सफल बनाया जाना चाहिए।
बैठक में जिलाधिकारी ने बताया कि राज्य सरकार के निर्देशानुसार 9 अगस्त से 17 अगस्त, 2026 तक ‘हर घर तिरंगा’ अभियान का आयोजन किया जा रहा है। कला एवं संस्कृति विभाग के तत्वावधान में आयोजित इस अभियान का उद्देश्य प्रत्येक परिवार तक राष्ट्रीय ध्वज की उपलब्धता सुनिश्चित करना, अधिकाधिक घरों एवं संस्थानों में सम्मानपूर्वक तिरंगा फहराना, जनभागीदारी को बढ़ावा देना, ‘वंदे मातरम्’ के 150वें वर्ष का व्यापक आयोजन करना तथा फ्लैग कोड के नियमों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि 12 अगस्त, 2026 को राष्ट्रीय एकता एवं देशभक्ति के संदेश पर आधारित समाज के सभी वर्गों की सहभागिता से जिला स्तर पर भव्य तिरंगा यात्रा आयोजित की गई है।
जिलाधिकारी ने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि पंचायत एवं वार्ड स्तर तक व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाया जाए तथा प्रत्येक नागरिक को अभियान से जोड़ने का प्रयास किया जाए। आईसीडीएस के माध्यम से भी आंगनबाड़ी सेविकाओं एवं सहायिकाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया, ताकि अभियान गांव-गांव और घर-घर तक पहुंचे।
ज़िलाधिकारी ने कहा कि अभियान को जन-आंदोलन का स्वरूप देने के लिए जिलेभर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है, जिनमें तिरंगा वितरण एवं घर-घर संपर्क अभियान, तिरंगा यात्रा, बाइक एवं साइकिल रैली, ‘वंदे मातरम्’ का सामूहिक गायन, प्रदर्शनी, तिरंगा रंगोली प्रतियोगिता, सांस्कृतिक कार्यक्रम, सरकारी भवनों की त्रिवर्णीय रोशनी तथा ‘सेल्फी विद तिरंगा’ अभियान प्रमुख है।
बैठक में जिलाधिकारी ने अभियान के सफल संचालन के लिए सभी अनुमंडल पदाधिकारियों, प्रखंड विकास पदाधिकारियों एवं जिला स्तरीय अधिकारियों को समयबद्ध ढंग से कार्य करने, प्रतिदिन अभियान की समीक्षा एवं अनुश्रवण करने तथा स्थानीय जनप्रतिनिधियों, जीविका, पैक्स, स्वयंसेवी संगठनों, विद्यालयों, महाविद्यालयों, एनसीसी, एनएसएस, ‘मेरा युवा भारत’, खेल क्लबों एवं व्यापारिक संगठनों की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
===================
जिलाधिकारी ने कहा कि “हर घर तिरंगा अभियान प्रत्येक नागरिक की सक्रिय भागीदारी से ही सफल होगा। हमारा लक्ष्य है कि जिले के प्रत्येक घर, सरकारी कार्यालय, विद्यालय, महाविद्यालय एवं सार्वजनिक संस्थान में पूरे सम्मान एवं गरिमा के साथ राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाए। सभी अधिकारी इसे सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ सफल बनाने हेतु समन्वित प्रयास करें।” उन्होंने कहा कि जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी हर घर तिरंगा अभियान की नोडल पदाधिकारी तथा उप विकास आयुक्त वरीय नोडल पदाधिकारी हैं एवं सभी हितधारकों के माध्यम से अभियान को सफल बनायेंगे।
===================
बैठक में संबंधित विभागों के जिला स्तरीय पदाधिकारी, अनुमंडल पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, शिक्षा, आईसीडीएस, पंचायती राज एवं अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।