जनसुनवाई में पहुंचे 71 आवेदन, कलेक्टर ने दिए त्वरित निराकरण के निर्देश
डिंडौरी कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया की अध्यक्षता में आयोजित साप्ताहिक जनसुनवाई में जिले के विभिन्न ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों से आए नागरिकों ने अपनी समस्याओं एवं मांगों से संबंधित कुल 71 आवेदन प्रस्तुत किए। कलेक्टर ने सभी आवेदनों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को जांच कर शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जनसुनवाई में आधार कार्ड निर्माण, प्रधानमंत्री आवास योजना की शेष राशि भुगतान, खेतों के जल निकासी मार्ग की बहाली, किसान क्रेडिट कार्ड ऋण संबंधी समस्याएं, पेयजल व्यवस्था तथा भूमि विवादों से जुड़े आवेदन प्राप्त हुए।
ग्राम शाहपुर निवासी दुर्गा नामदेव ने अपने संरक्षण में रह रहे अनाथ बच्चों शौर्य एवं अष्टिका के आधार कार्ड बनवाने तथा उन्हें शिक्षा से जोड़ने हेतु सहायता की मांग की। वहीं नगर परिषद डिंडौरी क्षेत्र की एक हितग्राही ने प्रधानमंत्री आवास योजना की स्वीकृत शेष राशि प्राप्त नहीं होने की शिकायत दर्ज कराई।
ग्राम भाजीटोला माल निवासी बिहारी सिंह ने खेत के पानी निकासी मार्ग को अवरुद्ध किए जाने की शिकायत करते हुए मार्ग बहाल कराने की मांग रखी। किसान राधेश्याम पाराशर ने किसान क्रेडिट कार्ड ऋण की पूर्ण अदायगी के बाद भी ब्याज राशि की मांग किए जाने की शिकायत प्रस्तुत की।
जनसुनवाई में ग्राम बसनिया निवासी 70 वर्षीय खेमलाल ने अपनी भैंस चोरी कर बेच दिए जाने की शिकायत दर्ज कराते हुए न्याय की मांग की। मामले को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर ने संबंधित तहसीलदार को जांच कर त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। साथ ही वृद्धावस्था के कारण चलने-फिरने में हो रही कठिनाई को देखते हुए सामाजिक न्याय विभाग के माध्यम से उन्हें सहारे के लिए छड़ी उपलब्ध कराई गई।
ग्राम पंचायत पलकी के ग्रामीणों ने क्षेत्र में पेयजल संकट की समस्या से अवगत कराते हुए नए हैंडपंप स्थापना एवं बंद पड़ी नल-जल योजना को पुनः प्रारंभ कराने की मांग की। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल आवश्यक कार्रवाई कर पेयजल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
आवेदक फूलिया बाई, हरवंश लाल, जयवंती एवं देववंती ने पैतृक भूमि के संबंध में फर्जी दस्तावेज तैयार कर अवैध पंजीयन किए जाने की शिकायत प्रस्तुत की। कलेक्टर ने मामले की निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही चलने-फिरने में कठिनाई का सामना कर रही फूलिया बाई को सामाजिक न्याय विभाग द्वारा वॉकर एवं सहायक सामग्री उपलब्ध कराई गई, जिससे उनके चेहरे पर संतोष और खुशी दिखाई दी।
जनसुनवाई के दौरान कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि आमजन की समस्याओं का समयबद्ध एवं संवेदनशीलता के साथ निराकरण सुनिश्चित किया जाए। इस अवसर पर सीईओ जिला पंचायत श्री दिव्यांशु चौधरी, अपर कलेक्टर श्री जे.पी. यादव, एसडीएम डिंडौरी श्री रामबाबू देवांगन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
#anjupavanbhadiriya #डिंडौरी #JansamparkMP
4 views | Dindori, Madhya Pradesh | Jun 23, 2026